रामपुर

Rampur News: कपड़ा बाजार गुलजार, ज्वेलर्स की भी चांदी

Connect News 24

रामपुर। शहर के बाजारों में दिवाली की रौनक दिखने लगी है। ज्वेलरी और कपड़ा बाजार में ग्राहक पहुंच रहे हैं। त्योहार के लिए खरीदारी शुरू हो चुकी है। दुकानदारों ने धनतेरस के लिए विशेष तैयारी की है। सराफा बाजार में नवरात्र से अब तक कारोबार में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि इस बार धनतेरस में बहुत अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। लोगों का अच्छा रुझान दिख रहा है। कपड़ा बाजार में भी दिवाली की रौनक है। देर रात तक लोग खरीदारी कर रहे हैं।

जिले में ज्वेलरी की करीब चार हजार छोटी-बड़ी दुकानें हैं। धनतेरस को लेकर इन दुकानों पर कारोबारियों ने अलग-अलग डिजाइन के गहने मंगवाए हैं। ज्वेलर्स की दुकानों पर गिफ्ट करने के लिए आकर्षक सोने की अंगूठियां उपलब्ध हैं। 15 से 16 हजार तक की स्टाइलिश अंगूठी रखी गई हैं। नए कलेक्शन के साथ गले के चौखर और डायमंड रिंग लोग हाथों हाथ ले रहे हैं। ब्रेसलेट भी लोगों को भा रहे हैं। इसके अलावा धनतेरस पर चांदी की सिक्कों की भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है। चांदी के गणेश-लक्ष्मी की मूर्ति भी दुकानों पर उपलब्ध हैं।

त्योहार की उमंग कपड़ा बाजार में भी दिख रही है। रामपुर में 250-300 छोटी-बड़ी दुकानें रेडीमेड गारमेंट की हैं। दिवाली के लिउ कढ़ाई वाला कुर्ता और पजामा या धोती के मैच से खरीदारी की जा रही है। बाजार में फैंसी, कढ़ाई वाले कुर्ते 500-700 रुपये तक के मिल रहे हैं। इसके अलावा फैंसी गाउन महिलाओं की पसंद बन रहे हैं।

क्या बोले व्यापारी

धनतेरस का त्योहार आने वाला है और इसमें सबसे अधिक चांदी की खरीदारी होती है। धनतेरस पर चांदी के सिक्के अधिक बिकते हैं। 700-800 रुपये से चांदी के सिक्कों की शुरुआत है। चांदी का कटोरा, गिलास और अन्य चीजें बेहतरीन कलेक्शन के साथ उपलब्ध हैं।

-पारितोष चांदीवाला, सराफा कारोबार

अब धनतेरस का इंतजार हैं। सोने-चांदी दोनों में इजाफा होगा। इसका असर अभी से दिखने लगा है। नवरात्र से ही ग्राहक बढ़ने शुरू हो गए थे। इस बार धनतेरस और दिवाली पर काफी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।

– इंद्रजीत कौर, सराफा कारोबारी

पिछली बार जहां दीपावली तक 15-20 करोड़ की कमाई हुई थी। इस बार कारोबार बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। ग्राहकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। धनतेरस पर खासतौर पर चांदी के सिक्कों की बिक्री अधिक होगी। इसके अलावा चांदी के अन्य कई आइटम भी दुकान पर उपलब्ध हैं।

-संजय पाठक, अध्यक्ष, सराफा एसोसिएशन

इस बार दीपावली पर विशेष तौर पर कढ़ाई वाले कुर्ते और धोती आकर्षण का केंद्र हैं। दीपावली पर पहनने के लिए लोग इस मैच के परिधान ले रहे हैं। यही त्योहारी सीजन होता है जब व्यापारियों को अच्छे की उम्मीद होती है।

-हरीश अरोरा, कपड़ा व्यापारी

नवरात्र से अब तक कपड़ा व्यवसाय ठीक है। ग्राहक की भीड़ इस बार अधिक आ रही है। धनतेरस और दीपावली से एक दिन पहले तक का कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है।

-नरेश सिंह, कपड़ा व्यापारी

ऑनलाइन खरीदार का असर तो दुकानदारों पर पड़ा ही है, लेकिन त्योहार पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। त्योहार को देखते हुए अच्छे कलेक्शन मंगाए हैं।

– नीलेश कुमार, कपड़ा व्यापारी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button