Budaun News: पुलिस ने गोली भी चलाई पर डीसीएम को दौड़ाते रहे बदमाश
दातागंज। मूसाझाग इलाके से बैरियर तोड़कर भागी डीसीएम को रोकने के लिए पुलिस ने गोली भी चलाई थी, लेकिन बदमाश डीसीएम को दौड़ाते रहे। उन्होंने डीसीएम से पुलिस कर्मियों को कुचलने की कोशिश की थी। डीसीएम की चपेट में आकर एक इंस्पेक्टर और होमर्गार्ड घायल हो गए थे और पुलिस के पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। बाद में पुलिस ने डीसीएम को रोककर एक बदमाश दीपक को गिरफ्तार कर लिया था। उसे बुधवार दोपहर जेल भेज दिया गया।
मंगलवार रात पुलिस को चोरी की डीसीएम रोकने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी। बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के गांव मकरंदपुर निवासी दीपक और अनिल देवरनिया इलाके से डीसीएम चोरी करके भागे थे। सूचना मिलने पर मूसाझाग थाना पुलिस ने बैरियर लगाकर डीसीएम रोकने की कोशिश की, लेकिन बदमाश यहां से बैरियर तोड़कर भाग निकले थे।
उधर, दातागंज कोतवाली पुलिस ने घेरने की कोशिश की तो बदमाशों ने डहरपुर और समरेर का बैरियर भी तोड़ दिया था। पुलिस को कुचलने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस के पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस को डीसीएम रोकने के लिए गोली भी चलानी पड़ी थी, लेकिन बदमाश इसके बाद भी डीसीएम को दौड़ाते रहे।
हालांकि इंस्पेक्टर अरिहंत सिद्धार्थ ने गोली चलाने से इन्कार किया है। बाद में मार्ग अवरुद्ध कर डीसीएम को रोका गया। पुलिस ने एक बदमाश दीपक को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसका साथी अनिल भाग गया। बुधवार दोपहर पुलिस ने दीपक को जेल भेज दिया। अनिल की तलाश की जा रही है।

