बरेली

Bareilly News: एडीजी और आईजी ने लगाई फटकार तो दौड़ीं पुलिस की टीमें

Connect News 24

बरेली। अति सुरक्षित पॉश इलाके में दिनदहाड़े लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। एडीजी पीसी मीना और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने एसएसपी को कॉल कर व पत्र लिखकर नाराजगी जताई। मौके पर पहुंचे एसएसपी ने तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर कोतवाल की भूमिका की जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीमें सक्रिय हुईं और लुटेरों को पकड़ने की कवायद शुरू हुई।

घटना की सूचना पर एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, सीओ प्रथम श्वेता यादव थोड़ी ही देर में मौके पर पहुंचे। पीड़ित व लुटेरे अनुज भारती से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को कोतवाली ले गई। यहां एसपी सिटी राहुल भाटी ने लुटेरे से पूछताछ की तो पता लगा कि दूसरा आरोपी जयंत सुभाषनगर में किराये पर कमरा लेकर रहता है। वह शहर में प्राइवेट नौकरी करता था। उसी ने मुनीम की रेकी कर लूट की योजना बनाई थी। इसके बाद अपने गांव के ही अनुज व अखिलेश यादव को भी बुला लिया। पुलिस ने अनुज की मदद से पहले जयंत को पकड़ा और फिर अखिलेश की गिरफ्तारी का प्लान बनाया।

इन लोगों से कॉल कराई तो अखिलेश की लोकेशन चौबारी के पास मिली। टीम वहां पहुंची तो अखिलेश खतरा भांपकर भाग निकला और जयंत ने भी पुलिस से छूटकर भागने की कोशिश की। इसी प्रयास में जयंत को गोली लगी। एसपी सिटी ने बताया कि जल्दी ही अखिलेश की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

ड्राईफ्रूट विक्रेता की हिम्मत को सबने सराहा

पॉश इलाके में घटना के दौरान जहां राहगीर ठिठक गए थे, वहीं ड्राईफ्रूट विक्रेता किशोर गुजराती ने जान पर खेलकर एक लुटेरे को पकड़ लिया। कैश बरामदगी में भी उसकी भूमिका रही। किशोर पहल नहीं करता तो घटना को अंजाम दे चुके लुटेरे आसानी से भाग जाते। ड्राईफ्रूट विक्रेता की हिम्मत को पुलिस और पब्लिक सभी ने सराहा।

एसएसपी बोले- लापरवाही की तो खैर नहीं

घटनास्थल शहर के बीच का पॉश इलाका है। यहां पर घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है। वैसे भी दिवाली को लेकर उच्चाधिकारियों ने भी पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के विशेष निर्देश दिए हैं। इसलिए प्राथमिक लापरवाही में चौकी चौराहा चौकी प्रभारी व बीट स्टाफ को निलंबित किया है। ऐसी कोई लापरवाही आगे भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हालांकिए जनता व पुलिस की सक्रियता से लुटेरों की गिरफ्तारी कर ली गई। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button