Bareilly News: ग्रामीण संवाद यात्रा से जुड़कर लोगों को जागरूक करेंगे निपुण विद्यार्थी
बरेली। परिषदीय स्कूलों के निपुण विद्यार्थी अब पढ़ाई के अलावा ग्रामीण संवाद यात्रा से जुड़कर सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। लगातार 26 जनवरी तक यह यात्राएं निकाली जाएंगी।
बीएसए ने बताया कि यात्राओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवेश के लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करना है। खास बात यह है कि जिन बच्चों को प्रचार-प्रसार का जिम्मा सौंपा जाना है, फिलहाल उन्हें खुद भी योजनाओं की जानकारी नहीं है। यानि पहले विभाग बच्चों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ योजनाओं का भी ज्ञान देगा। उसके बाद इन योजनाओं का प्रचार कार्य का जिम्मा बच्चों को सौंपा जाएगा। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने पत्र जारी करके नवंबर के तीसरे सप्ताह से सभी ब्लॉकों में कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए हैं।
कार्यक्रम के तहत हर स्कूल से करीब 35 बच्चे रैली में हिस्सा लेंगे और प्रभात फेरी निकालेंगे। इस प्रभात फेरियों के बीच विद्यार्थी ग्रामीणों के बीच जाकर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी करेंगे। यात्रा के तहत विद्यार्थियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार भी दिया जाएगा। यात्रा में ऐसे विद्यालय ही प्रतिभाग करेंगे, जिनके लगभग 80 फीसदी विद्यार्थी निपुण हो चुके हों। निपुण विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र भी दिए जाएंगे।



