Bareilly News: महिला कर्मियों के चैंबर में आने व सीधे मुलाकात करने पर लगाई रोक
बरेली। इज्जतनगर स्थित रेल कोच कारखाना के कार्मिक अधिकारी दया शंकर प्रसाद ने अपने चैंबर में महिला कर्मियों के आने व सीधे मुलाकात करने पर रोक लगा दी है। यह भी कहा है कि आपात स्थिति में महिला कर्मचारी सिर्फ व्हाट्सएप पर शिकायत करेंगी। परिसर में यह आदेश चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला कर्मी भी इस आदेश से हैरत में हैं।
रेल कोच कारखाना के कार्मिक अधिकारी की ओर से चार नवंबर को जारी आदेश अब वायरल हो रहा है। आदेश में उन्होंने कहा है कि कार्यालय में तैनात कोई भी महिला कर्मचारी उनके चैंबर में प्रवेश नहीं करेंगी। ज्यादा जरूरी होने पर उनसे सीयूजी नंबर पर बात कर सकती हैं। महिला कर्मचारियों को अगर कोई फाइल भेजनी है तो वे ई-ऑफिस के माध्यम से ही भेजेंगी। किसी मामले में चर्चा करनी है तो सीओएस एसके सिंह और जगदीश से बात करेंगी। इसके बाद सीओएस उनसे बात करेंगे। जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि इस तरह के आदेश की वजह कारखाना के कार्मिक अधिकारी ही बता सकते हैं।
आदेश में कुछ भी गलत नहीं। इससे कोई काम नहीं रुकेगा। सभी काम कंप्यूटर पर होते हैं। सीओएस को मॉनीटरिंग के लिए लगाया गया है। – दया शंकर प्रसाद, कार्मिक अधिकारी, रेल कोच कारखाना


