Rampur News: पराली जलाने में 32 किसानों से 80 हजार वसूले
रामपुर। पराली जलाने की निगरानी सेटेलाइट से की जा रही है। इसके बाद भी घटनाओं पर अंकुश नहीं है। दिवाली पर पटाखों से हुए प्रदूषण के बीच किसानों ने खूब पराली जलाई। पराली जलाने में 32 किसानों पर 92 हजार का जुर्माना लगाया गया, जिसमें से 80 हजार रुपये वसूली भी जा चुके हैं। डीएम ने भी पराली जलाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अक्तूबर-नवंबर में धान की कटाई के साथ ही पराली जलाने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। कृषि विभाग गांव-गांव में किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक कर रहा है। पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में बताया जा रहा है। इसके बाद भी किसान पराली को जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। दिवाली से पहले जिले में 50 के करीब पराली जलाने के मामले आए थे।
दिवाली बाद आंकड़ों में तेजी से इजाफा हुआ। 12 नवंबर से 20 नवंबर के बीच 41 मामले और आए हैं। जिले में डेढ़ माह में अब तक 91 स्थानों पर पराली जलाने की घटनाएं हुई है। इसमें सर्वाधिक घटनाएं बिलासपुर क्षेत्र में हुई है। मुरादाबाद मंडल में पराली जलाने की सर्वाधिक घटनाएं रामपुर में हुईं हैं। उप कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार ने बताया पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए किसानों से जुर्माना वसूला जा रहा है। अब तक 80 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है।