Budaun News: चोरों को पकड़कर छोड़ने के मामले में तीन सिपाही लाइन हाजिर
बदायूं। अलापुर थाने की म्याऊ पुलिस चौकी पर तैनात तीन सिपाहियों को चोरों को पकड़कर छोड़ देने के मामले में एसएसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई एसपी सिटी की जांच के बाद की गई है।
म्याऊ चौकी पुलिस ने दो नवंबर की रात तीन चोरों को पकड़ लिया था। उनके पास से चोरी की एक बाइक और उसावां थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर के पंचायत भवन से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ था। उन्हें छुड़ाने के लिए कुछ लोग चौकी पहुंच गए। इनमें एक पूर्व प्रधान और कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। उन्होंने चोरों से मोटी रकम दिलाकर समझौता करा दिया। इसके बाद तीनों चोरों को छोड़ दिया गया।
मामला सुर्खियों में आया तो सिपाहियों ने कुछ सामान गायब कर दिया। वे बाकी सामान भी गायब करने की फिराक में थे लेकिन तब तक एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने जांच एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव को सौंप दी। इसके बावजूद थाना पुलिस सिपाहियों को बचाने में जुटी रही। पुलिस का कहना था कि चोर सामान छोड़कर भाग गए थे। सवाल ये था कि उन्हें सामान छोड़कर ही भागना था तो चोरी करके क्यों लाए थे।
एसपी सिटी ने अपनी जांच में चोरों को छोड़ने के मामले में तीनों सिपाहियों को प्रथम दृष्टया दोषी पाया। हालांकि अभी जांच पूरी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच के आधार पर एसएसपी ने सिपाही पुष्पेंद्र, अनुज कुमार और दुर्वेश को लाइन हाजिर कर दिया है। अलापुर इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर किया गया है।


