Rampur News: हलाल प्रमाणयुक्त वस्तुओं की बिक्री रोकने के लिए मारा छापा
रामपुर। यूपी सरकार द्वारा हलाल प्रमाण युक्त उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन उत्पादों की बिक्री को रोकने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को शहर के स्मार्ट बाजार और विशाल मेगा मार्ट में पहुंचकर छापा मारा। इस दौरान इन उत्पादों की बिक्री न करने को कहा गया। यूपी सरकार ने जन स्वास्थ्य के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश राज्य की सीमा में हलाल प्रमाणयुक्त खाद्य उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण एवं विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त (खाद्य) अभिहित अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। टीम ने शौकत अली रोड स्थित स्मार्ट बाजार में हलाल प्रमाणयुक्त खाद्य पदार्थों को चेक किया। मौके पर स्टोर मैनेजर पुष्पराज गिरी ने बताया कि आदेश के तत्काल बाद ऐसे सभी उत्पादों को विक्रय एरिया से हटा दिया है।
उन्होंने बताया कि चीनी पैकेट, धनिया पाउडर, कावली चना, सूजी, मूंग दाल आदि के पैकेटों पर हलाल प्रमाणन का लोगो लगा हुआ था। कंपनी ने हेड ऑफिस से प्राप्त सूचना पर ऐसे सभी उत्पादों को स्वयं स्टोर से हटा दिया है। डायमंड रोड स्थित विशाल मेगा मार्ट में भी हलाल प्रमाणयुक्त खाद्य पदार्थों के संबंध में निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थ विक्रय हेतु नहीं पाए गए।
पानदरीबा स्थित गोरे खान की दुकान का निरीक्षण किया, लेकिन हलाल प्रमाणनयुक्त खाद्य पदार्थ नहीं मिले। बताया कि विभिन्न जगहों पर भी दुकानदारों को जागरूक करते हुए शासन की अधिसूचना के संबंध में अवगत कराते हुए कहा कि जिस खाद्य पदार्थ के पैकेट पर हलाल प्रमाणन का मोनोग्राम अंकित हो, उसका क्रय-विक्रय न करें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान सचल दल में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुशवाहा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रताप, अजरा बी, अशोक कुमार आदि रहे।