बरेली

Bareilly News: आठ किमी दायरे में ज्यादा हत्याएं, कोई सिरफिरा ही ले रहा जान

Connect News 24

बरेली। शाही व आसपास के इलाके में करीब आठ किमी के दायरे में ही अधिकांश हत्याएं हो रही हैं। अधिकांश के शव गन्ने के खेत में ही मिले हैं। ऐसी महिलाओं को शिकार बनाया जा रहा है जो चारा लेने या किसी अन्य काम से खेत पर गईं और उस वक्त अकेली थीं। कई महिलाओं के शव ज्यादा दिन बाद मिलने से भी मौत का रहस्य उलझ रहा है।

दो महीने पहले आईजी ने इलाके में करीब डेढ़ दर्जन टीमें लगाकर हत्याओं की वजह पता करने का निर्देश दिया था। करीब तीन सौ पुलिसकर्मी तब इलाके में घूम रहे थे। फिर कुछ मामलों का खुलासा कर पुलिस ने तफ्तीश ढीली कर दी। गांव वाले तो यहां तक कह रहे हैं कि गुत्थी सुलझाने में फेल पुलिस ने अपनी बला टालने के लिए खुलासे भी अपने ढंग से कर दिए। परिणाम स्वरूप हत्याओं का सिलसिला नहीं रुका। हत्या का तरीका भी पुराना ही है। ऐसे में अब पुलिस अफसर कह रहे हैं कि कोई मनोविकृत शख्स पर्दे के पीछे है।

तालाब चौकीदार पर शक गहराया, पूछताछ जारी

– जिस जगह वृद्धा का शव मिला उससे बीस मीटर दूर मछली पालन का तालाब है। वहीं अवैतनिक रूप से एक व्यक्ति चौकीदार के रूप में काम करता है। घटना के बाद से वह लापता था। मंगलवार को पुलिस ने उसे तलाश कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। उसके पास महिलाओं के कुछ कपड़े व सामान मिला है। उसकी हरकतों व बोलचाल से संदेह बढ़ गया है। एसपी देहात समेत कई अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।

अब समूह बनाकर निकल रहीं महिलाएं

– इन दिनों गन्ना छिलाई और गेहूं बुवाई का सीजन है। इसके साथ ही सरसों व अगैती गेहूं में पानी लगाया जा रहा है। अधिकांश घरों में पुरुष दूसरे शहरों में मजदूरी और महिलाएं खेतों में काम करती हैं। इस घटना के बाद उनमें दहशत है। महिलाएं समूह बनाकर ही खेतों में जा रही हैं।

किला और नवाबगंज में पकड़े जा चुके हैं सनकी

– चार महीने पहले किला थाना क्षेत्र में एक शख्स शाम के वक्त युवतियों को ब्लेड मारकर निकल जाता था। किला से सटे प्रेमनगर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना हुई थी। तब चार मामलों में रिपोर्ट कराई गई थी। तब किला थाना पुलिस ने एक सिरफिरे को पकड़कर खुलासा किया था। नौकरी करने वाली पत्नी से मुकदमेबाजी की वजह से परेशान इस शख्स को हर कामकाजी युवती से नफरत थी। इसके अलावा नवाबगंज में साइकिल सवार दो नाबालिग लड़के इलाके में घूमकर बच्चियों से दुष्कर्म करते थे। इनकी वजह से एक छात्र काफी समय तक बाल सुधार गृह में रहा था। जब ये पकड़े गए तो वह छूट सका था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button