Rampur News: पुलिस मुठभेड़ की एडीएम व शाहबाद एसडीएम करेंगे जांच
रामपुर। मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र के कर्बला निवासी गोतस्कर साजिद की एनकाउंटर में हुई मौत के मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने एडीएम व शाहबाद के एसडीएम को संयुक्त रूप से जांच सौंपी है। पटवाई थाना पुलिस की शनिवार की रात में कार सवार गोतस्करों से उस वक्त मुठभेड़ हो गई थी, जब पुलिस गश्त कर रही थी। गश्त के दौरान ही पुुलिस ने कार सवारों को रोक लिया था। पुलिस को देखकर कार सवारों ने कार को पीछे करते हुए दौड़ा दिया था। पुलिस ने पीछा किया तो गोतस्करों की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार पलटने के बाद भी गोतस्करों ने पुलिस पर हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों गो तस्करों के पैरों में गोली लगी थी।
गोली लगने के बाद दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां कुंदरकी निवासी साजिद की मौत हो गई थी। घायल गोतस्कर बबलू का उपचार चल रहा है। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि इस मामले की मजिस्ट्रेटी जांच एडीएम प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य व शाहबाद के एसडीएम सुनील कुमार संयुक्त रूप से करेंगे।