Pilibhit News: पथराव में दोनों पक्षों के एक-एक युवक का शांति भंग में चालान
पीलीभीत। शहर में दो समुदाय के बीच हुए पथराव के मामले में दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया है। वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से एक-एक युवक का शांति भंग में चालान कर दिया। मोहल्ले में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
मोहल्ला बेनी चौधरी में सोमवार की दोपहर लगभग ढाई बजे दो समुदाय के बीच वाहन निकालने के दौरान विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। पथराव में दोनों पक्ष के सात लोग चुटैल हो गए थे। पथराव में एक घर के बाहर खड़ी कार के शीशे भी टूट गए थे।
सूचना मिलते ही कोतवाल नरेश त्यागी, सीओ सिटी अंशु जैन समेत कई पुलिस वाले मयफोर्स मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्ष भाग गए। देर रात तक पुलिस इंतजार करती रही लेकिन किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी। बताया जाता है कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।
मंगलवार को पुलिस ने अपनी तरफ से कार्रवाई करते हुए एक पक्ष के गंठा पुत्र रामबाबू और दूसरे पक्ष के फरमान पुत्र अकरम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का शांतिभंग में चालान किया गया है। मोहल्ले में अब भी पुलिस फोर्स तैनात है। इंस्पेक्टर कोतवाली नरेश त्यागी ने बताया कि किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी। पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक युवक को गिरफ्तार कर शांंतिभंग में चालान किया है।