बरेली

Bareilly News: शाही में नहीं खुला वृद्धा की हत्या का राज, पुलिस तय नहीं कर पा रही तफ्तीश की दिशा

Connect News 24

बरेली। शाही थाना क्षेत्र में हुईं एक जैसी हत्याओं में सातवीं शिकार वृद्धा दुलारी देवी की हत्या का राज लगातार उलझा हुआ है। पुलिस खाली हाथ है और तफ्तीश की दिशा ही तय नहीं कर पा रही। एक दिन पहले तक संदिग्धों में हत्यारे की खोज हो रही थी, लेकिन अब वृद्धा के करीबी भी रडार पर हैं।

पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुछ खास न निकलने और विसरा सुरक्षित रखे जाने के बाद तफ्तीश की दिशा बदली है। अब वह किसी संदिग्ध को हत्यारोपी साबित करने से बच रही है। ऐसे करीबी रडार पर हैं जिन्हें वृद्धा के न रहने से कोई लाभ हो सकता था। हालांकि इससे पहले दुलारी देवी का शव मिलने के बाद पुलिस आसपास के संदिग्धों को उठाकर पूछताछ कर रही थी। वृद्धा के गले में साड़ी का फंदा था, इसलिए पूर्व की घटनाओं से जोड़कर किसी सनकी की हरकत मानते हुए तफ्तीश शुरू की गई थी।

इस बीच पोस्टमार्टम में तीन डॉक्टरों के पैनल ने सड़े गले शव में मौत की वजह न पाकर विसरा सुरक्षित कर दिया तो पुलिस ने भी तफ्तीश मोड़ दी है। पुलिस अब सनकी के साथ ही ऐसे शख्स पर भी फोकस कर रही है जो वृद्धा का करीबी हो सकता है।

क्योंकि पुलिस का कहना है कि जब वृद्धा के घर की तलाशी ली गई थी तो वहां एक व्यक्ति से ज्यादा लोगों का खाना बना हुआ था। इसमें पूड़ी व रोटियां अलग-अलग बनी थीं। दाल भी सामान्य दिनों से ज्यादा बनी थी। वृद्धा ने जो कपड़े पहने थे वो भी अन्य दिनों के मुकाबले बेहतर थे। मौके पर संघर्ष के निशान नहीं थे।

ऐसे में अब पुलिस को इस बात की आशंका है कि किसी परिचित के लिहाज से दुलारी देवी ने खाना बनाया होगा। उन्हें खाने या फिर अन्य तरह कोई विषाक्त पदार्थ दे दिया गया होगा और फिर मौके पर दूसरी स्थिति बना दी गई होगी। पुलिस मानकर चल रही है कि ऐसा हुआ तो विसरा रिपोर्ट में जहर की पुष्टि हो सकती है।

संदिग्ध चौकीदार को लेकर जुटाए जा रहे साक्ष्य

शाही। दुलारी देवी की हत्या के बाद से कई टीमें सादा कपड़ों में इलाके में घूम-घूमकर लोगों से बात कर रही हैं। संदेह के तौर पर पकड़े गए चौकीदार से पूछताछ के बाद उससे जुड़े साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। ताकि अन्य घटनाओं में उसकी संलिप्तता को लेकर भी स्थिति साफ हो सके। संवाद

बेटी ने दर्ज कराई हत्या की रिपोर्टशाही। घटनाक्रम पता चलने के तीसरे दिन खरसैनी गांव की वृद्धा दुलारी देवी उर्फ गुलाबो की बेटी ने मां की हत्या की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। उनका शव सोमवार शाम उन्हीं के गन्ने के खेत में मिला था। मंगलवार को गांव में अंत्येष्टि हुई थी। इसके बाद इकलौती पुत्री खेमवती की ओर से मां की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी गई। बुधवार को पुलिस ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद

– दुलारी देवी के मामले में पैनल से कराई गई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का सही कारण स्पष्ट न होने से असमंजस बना है। पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाया जाएगा। पुलिस सटीक खुलासा करेगी। – घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button