शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: तीन दिन और रहेगा डीएपी का संकट

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर

Updated Fri, 24 Nov 2023 12:59 AM IST

DAP crisis will continue for three more days

बंद पड़ी सहकारी समिति पृथ्वीपुर ढाई की गोदाम। स्रोत जागरुक पाठक

शाहजहांपुर/मिर्जापुर। कलान तहसील में किसान डीएपी के संकट से जूझ रहे हैं। मिर्जापुर में डीएपी न आने के कारण साधन सहकारी समितियों में ताला लटका है। डीएपी की रैक आने के बाद दो-तीन दिन में वितरण कराया जाएगा।

कलान तहसील में बाढ़ आने के कारण रबी की फसलाें की बोआई पिछड़ गई है। जिले की अन्य तहसील क्षेत्रों में डीएपी की मांग न के बराबर है जबकि कलान में किसान डीएपी के लिए परेशान हैं। बुधवार को कलान की जखिया सहकारी समिति में किसानों ने हंगामा भी किया था। जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में डीएपी का वितरण किया गया था। वहीं मिर्जापुर क्षेत्र की किसी भी सहकारी समिति गोदाम में डीएपी नहीं है। पूर्व में आई डीएपी से अधिकांश खेतों में गेंहूं, सरसों और आलू की बोआई हो चुकी है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे साधन सहकारी समिति पृथ्वीपुर ढाई के ग्राम कम्मरपुर स्थित गोदाम में ताला लटक रहा था। गोदाम के पड़ोस में रहने वाले रामप्रकाश और धीरपाल यादव ने बताया कि गोदाम कई दिन से बंद है। जब डीएपी आई थी, तब सचिव ने ग्राम पृथ्वीपुर में आठ सौ कट्टे डीएपी का वितरण किया था। मिर्जापुर सहकारी समिति का गोदाम भी बंद था। एडीओ को-ऑपरेटिव राकेश सिंह ने बताया कि मिर्जापुर ब्लॉक की किसी भी समिति में डीएपी नहीं है। एक-दो दिन में डीएपी की रैक आने वाली है। तब सभी समितियों में सचिवों की डिमांड पर डीएपी उपलब्ध करवा दी जाएगी।

कोलाघाट पुल टूटा होने से आ रही दिक्कत

जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने बताया कि कलान और मिर्जापुर क्षेत्र में कोलाघाट पुल टूटा होने के कारण ट्रांसपोर्टेशन की दिक्कत है। डीएपी पहुंचाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा है। जिले की शेष सभी साधन सहकारी समितियों में डीएपी की कोई दिक्कत नहीं है। इसको लेकर शासन को पत्र लिखा है। इफ्को के अधिकारियों से भी बात की गई है। जल्द ही एक रैक डीएपी आ रही है। गुजरात से चलने वाली डीएपी की रैक अजमेर पहुंच गई है। उम्मीद है कि 24-25 नवंबर की रात में रैक रोजा स्टेशन आ जाएगी। रैक की लगभग 3712 मीट्रिक टन डीएपी जल्द से जल्द किसानों तक पहुंचा दी जाएगी। अगर किसी को ज्यादा आवश्यकता है तो उसके लिए व्यवस्था कर डीएपी सहकारी समिति में भेज दी जाएगी।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button