Shahjahanpur News: जगह-जगह जाम… फेल हुआ यातायात का इंतजाम
शाहजहांपुर। शहरी क्षेत्र में सीवर लाइन बिछान के लिए खोदाई के चलते जाम से राहत नहीं मिल पा रही है। मुख्य रोड पर खोदाई से लोग काफी ज्यादा परेशान हैं। पुलिस द्वारा बेहतर यातायात व्यवस्था नहीं करने के कारण लोगों में नाराजगी है।
शनिवार को अंटा चौराहा से खिरनीबाग चौराहा के बीच डॉ. गेरा के अस्पताल से फायर स्टेशन के बीच सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदाई का काम शुरू तीन दिन पहले शुरू हुआ था। इसको लेकर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था को भी लागू किया गया है। इसके लिए अंटा चौराहा, डॉ. गेरा अस्पताल के पास, कृष्णानगर कॉलोनी से पहले, इस्लामियां इंटर कॉलेज के निकट तथा खिरनीबाग चौराहा पर बीएसए कार्यालय के करीब बैरीकेडिंग लगाकर तीन व चारपहिया वाहनों का आवागमन रोका गया है, जिससे सीवर लाइन के कार्य में बाधा न आए और इस रोड पर जाम की समस्या न खड़ी हो। बाइक, साइकिल सवार व राहगीरों को इस मार्ग से आवागमन की छूट दी गई है। वहीं, इस रोड पर सीवर लाइन के लिए खोदाई होने और ट्रैफिक डायवर्जन के चलते दूसरे मार्गों पर जाम की समस्या खड़ी हो गई। दूसरे से लेकर देर रात तक लोगों को जाम के झाम को झेलना पड़ता है। इसके बाद भी शहर में जगह-जगह जाम की समस्या बनी रही। सबसे ज्यादा जाम अंटा चौराहा से विसरात रोड, अंटा चौराहा से अंजान चौकी मार्ग तथा बहादुरगंज से घंटाघर रोड पर जाम लगा। जिसमें स्कूली बच्चे, मरीज, तीमारदार, नौकरी पेशा सभी फंसे रहे। पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को बेहतर न करने की वजह से लोगों में नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि सीवर लाइन बिछाने को हो रही खोदाई से पहले यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर काम किया जाना चाहिए, जिससे किसी को परेशान न होना पड़े।
उखड़ी सड़क की वजह से फिसल रहे वाहन
– अंटा चौराहा पर सीवर लाइन डालने के दौरान चैंबर बनाया गया था। उसके बाद गड्ढे को भरने के लिए मिट्टी व पत्थर डाल दिए गए थे। लेकिन सड़क की पैचिंग नहीं की गई। सड़क पर पड़ी बजरी से गुजरते समय वाहनों के पहिये फिसल रहे है। शनिवार को दोपहर में एक स्कूटी चालक चौराहा से गुजर रहा था, तभी बजरी पर पहुंचते ही पहिया फिसलते ही स्कूटी गिर गई। जिससे स्कूटी सवार चोटिल हो गया। चौराहे पर ही ड्यूटी कर यातायात कर्मियों ने स्कूटी व चालक को उठाया।