Shahjahanpur News: बंद मिले तीन विद्यालय, शैक्षणिक कर्मचारियों का वेतन रोका
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Sun, 26 Nov 2023 01:07 AM IST

निरीक्षण के दौरान बीएसए को विद्यालय बंद मिला। विभाग
शाहजहांपुर। बीएसए रणवीर सिंह ने शनिवार को विकास खंड ददरौल और कांट के परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान इटौरा और खिरियाहीर विद्यालय बंद मिले। अन्य विद्यालयों में अध्यापक, शिक्षामित्र अनुपस्थित पाए गए। बीएसए ने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
बीएसए को ददरौल का उच्च प्राथमिक विद्यालय इटौरा बंद मिला। रसोइया ने कई दिनों से भोजन न बनने की जानकारी दी। इस पर पूरे शैक्षणिक कर्मचारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय इटौरा में शिक्षामित्र श्यामलाल यादव विद्यालय में नहीं मिले। उन्होंने शिक्षामित्र का मानदेय रोकने और स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए। इसी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय खिरियाहीर में 23 नवंबर से भोजन नहीं बना और शिक्षामित्र रीना यादव बिना किसी अधिकृत स्वीकृति के विद्यालय अनुपस्थित मिलीं। इस पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक निदा वसी का स्पष्टीकरण व शिक्षामित्र को अनुपस्थिति के संबंध में कारण बताओ नोटिस दिया गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय खिरियाहीर विद्यालय बंद मिलने पर स्टाफ का वेतन अग्रिम आदेशों तक अवरुद्ध किया गया। प्राथमिक विद्यालय खिरिया शेख भी बंद मिला। प्राथमिक विद्यालय परसिनिया के इंचार्ज प्रधान अध्यापक रजनीश कुमार और प्राथमिक विद्यालय फत्तेपुर के प्रधान अध्यापक विकास मिश्रा के अनुपस्थित मिलने पर अनुपस्थित दिवस का वेतन अवरुद्ध किया गया। विकास खंड कांट के कंपोजिट विद्यालय ताहरपुर में सहायक अध्यापक अरविंद कुमार व शिक्षामित्र देवकी वर्मा अनुपस्थित थे। प्राथमिक विद्यालय हुसैनपुर में प्रधानाध्यापक दीपक बाबू श्रीवास्तव गैरहाजिर मिले। प्राथमिक विद्यालय कुर्रियांकलां में 151 छात्रों के सापेक्ष मात्र पांच छात्र उपस्थित मिले, भोजन नहीं बना था। कोई भी पंजिका विद्यालय स्टाफ की ओर से नहीं दिखाई गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय कुर्रियांकलां में दीपावली के बाद भोजन नहीं बना। इन सभी के प्रधानाध्यापक व स्टाफ के वेतन अवरुद्ध किया गया। कांट के ताहरपुर में सरस्वती ज्ञान मंदिर में अमान्य कक्षाओं का संचालन होता पाया गया। अध्यापकों ने छात्र व छात्राओं को भगा दिया। इस पर विद्यालय प्रबंधक को मान्यता समाप्त किए जाने का नोटिस दिया गया।

