पीलीभीत

Pilibhit News: पेराई सत्र शुरू न किए जाने पर डीसीओ का पुतला फूंका

Connect News 24

DCO's effigy burnt for not starting crushing session

पूरनपुर चीनी मिल गेट पर प्रदर्शन कर जिला गन्ना अ​धिकारी का पुतला फूंकते भाकियू कार्यकर्ता । संव

पूरनपुर। भाकियू (टिकैत) कार्यकर्ताओं ने पूरनपुर चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू न किए जाने पर चीनी मिल गेट पर एकत्र होकर जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने शीघ्र पेराई सत्र शुरू न होने पर उग्र धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। भाकियू (अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष ने पेराई सत्र शुरू न किए जाने के विरोध में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में दिया।

चीनी मिल गेट पर प्रदर्शन कर पुतला फूंकने वाले भाकियू नेताओं ने बताया कि पूरनपुर चीनी मिल का पेराई सत्र शुरू न होने से किसानों को गन्ना की फसल औने-पौने दामों पर कोल्हू पर बेचनी पड़ रही है। मिल प्रशासन ने पेराई सत्र शुरू करने की पहले 15 नवंबर, फिर २० और अब 25 नवंबर की तिथि बताई थी। बावजूद इसके मिल शनिवार को भी शुरू नहीं की गई। अब 28 नवंबर को मिल शुरू किए जाने की घोषणा की जा रही है। अगर 28 नवंबर को भी मिल का शुभारंभ नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन कर पुतला फूंकने वालों में भाकियू के प्रदेश सचिव स्वराज सिंह, मंडल उपाध्यक्ष लालू मिश्रा, रंजीत सिंह, रामकुमार प्रजापति, बसंत लाल, धर्मेंद्र गुप्ता, रमेश मिश्रा, महिला प्रकोष्ठ की तहसील अध्यक्ष कमला देवी, सुमन देवी आदि शामिल रहीं।

इसके अलावा भाकियू (अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में दिया। ज्ञापन में चीनी मिल अफसरों की लापरवाही से चीनी मिल के पेराई सत्र को शुरू न होने का आरोप लगाया। चीनी मिल मरम्मत में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की।

मकसूदापुर को गन्ना न देने की चेतावनी

भाकियू की तहसील परिसर में हुई पंचायत में गांव केशोपुर के गन्ना खरीद केंद्र पर पूर्व की तरह एलएच चीनी मिल से गन्ना खरीद कराने की मांग की गई। मकसूदापुर चीनी मिल का गन्ना खरीद केंद्र न हटने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। कहा गया कि मकसूदापुर केंद्र पर किसान गन्ना नहीं देंगे। पंचायत में रामगोपाल वर्मा, बबली देवी, राममूर्ति, गोकरनलाल, गंगाराम, द्वारिका प्रसाद आदि थे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button