Rampur News: मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में न बरतें लापरवाही
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Tue, 28 Nov 2023 01:10 AM IST
दढ़ियाल। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिगत सोमवार को क्षेत्र के ग्राम सरकथल स्थित डिग्री कालेज में विधानसभा स्वार और चमरौआ के समस्त बीएलओ की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें एडीएम हेम सिंह ने सभी बीएलओ को कार्य मे तेजी लाकर निर्धारित समय के भीतर मतदाता सूची पुरीक्षण कार्य हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में बीएलओ के साथ-साथ ग्राम प्रधान और राशन डीलरों की भी मौजूदगी रही। एडीएम प्रशासन हेम सिंह ने बैठक में बीएलओ को डोर टू डोर अभियान चलाकर नए मतदाताओं को मतदाता सूची में जोड़ने और सूची से किसी भी मतदाता का नाम हटाने से पहले विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक, युवतियों को चिह्नित कर उन्हें मतदाता सूची से हर हाल में जोड़े। साथ ही शादी के बाद ससुराल आने वाली महिलाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करें और उन्हें मतदाता सूची से जोड़ें। उन्होंने सभी बीएलओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को गंभीरता से लेने और लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इस दौरान समस्त ग्राम प्रधान और कोटा डीलरों को भी इस कार्य मे बीएलओ का पूर्ण सहयोग करने को कहा गया।
टांडा एसडीएम अरुण कुमार ने कहा कि जिन बीएलओ का लिंगानुपात कम है वह लोग इस कार्य मे तेजी लाएं और अधिक से अधिक महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने का कार्य करें। बैठक में तहसीलदार अवनींद्र कुमार, नायब तहसीलदार अमित कुमार, अंकुर सिंह सिंह राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौजूद रहे।

