रामपुर

Rampur News: सब्जी विक्रेताओं ने फूंका ईओ का पुतला, पुलिस से नोकझोंक

Connect News 24

रामपुर। मिलक में साप्ताहिक बाजार में सब्जी विक्रेताओं के फड़ पर बुलडोजर चलने के विरोध में सब्जी विक्रेता भड़क गए। सब्जी विक्रेताओं ने पालिका के अधिशासी अधिकारी के पुतले की अर्थी निकाली और फिर उसको आग के हवाले कर दिया। इस दौरान फड़ विक्रेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस से नोकझोंक भी हुई।नगर पालिका परिषद द्वारा पक्की दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सब्जी विक्रेता और दुकानदारों में भारी आक्रोश है। दुकानदारों के समर्थन में भारतीय किसान संघ एवं भाजपा के पूर्व नेता मुकेश पटेल उतर आए। उनकी देखरेख में तमाम फड़ विक्रेताओं ने अधिशासी अधिकारी और पालिकाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। दुकानदार तीन घंटे तक धरने पर बैठ गए। फड़ विक्रेताओं ने अधिशासी अधिकारी के पुतले की अर्थी निकाली। उसके बाद नगर के तीन बत्ती चौराहा पर कोतवाली के सामने पुतला दहन किया।

इस मौके पर भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष आदेश शंखधार ने कहा कि पालिका द्वारा किसानों व गरीब दुकानदारों के फड़ों को उजाड़कर उचित नहीं किया गया है। सबसे पहले दुकानें बनाने में घोर अनियमितता बरती गई है। सभी दुकानों का एक साथ टेंडर नहीं निकाला गया है और जिन दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानें लगाई जाती थीं, उनको बिना किसी नोटिस दिए सुबह चार बजे से फड़ों को जेसीबी मशीनों द्वारा उजाड़ दिया गया।

तहसीलदार राकेश चंद्रा और कोतवाल अनुपम शर्मा ने पुलिस बल के साथ धरनास्थल पर पहुंचकर दुकानदारों को समझने का काफी प्रयास किया परंतु वार्ता बेनतीजा रही। सब्जी विक्रेता और दुकानदार साप्ताहिक बाजार से जब अधिशासी अधिकारी का पुतला बनाकर विभिन्न गलियों से घूमते हुए तीन बत्ती चौराहे पर कोतवाली के सामने पहुंचे तो पुलिस ने उनके हाथों से पुतला छीनने का प्रयास किया। इस बीच काफी देर तक धक्कामुक्की और नोकझोंक हुई। इस मौके पर मुकेश पटेल, सौरभ शर्मा, कपिल कुमार शर्मा, भगवान दास रस्तोगी, दिनेश मौर्य, मुकेश रस्तोगी, नीतू गुप्ता, टीटू गुप्ता, रिंकू, रघुनंदन, राम भरोसे, महेंद्र पाल, दीपू सागर, मनोज सागर, कुलदीप शर्मा, कुलदीप मौर्य, सुमित मौर्य, जैकी जोशी, संजीव पटवा, जितेन्द्र मौर्य, आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

बोले फड़ विक्रेतादादा के जमाने से यहां सब्जी बेचते हुए चले आ रहे हैं परंतु अब हमारी फड़ों को तोड़ दिया गया है। वहां पर नगर पालिका परिषद द्वारा पक्की दुकानें बनवाई जा रही हैं, जिसे खरीदने की हम लोगों की हैसियत नहीं है। जिससे हमारे आगे रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

पिंटू,सब्जी विक्रेता


-30 साल से मिलक की साप्ताहिक बाजार में आलू बेचता हूं। शुक्रवार को सुबह जब आलू के बोरे लेकर बेचने बाजार आया तो देखा की जेसीबी द्वारा हमारी फड़ों को पूर्णतया नष्ट कर दिया गया है। नगर पालिका परिषद को यदि दुकानें बनानी थी तो पहले बेरोजगार हुए सब्जी विक्रेताओं को कहीं स्थान दिलाया जाना चाहिए था।

अय्यूब, आलू विक्रेता


बिना नोटिस दिए गए हमारी जगह उजाड़ दी गई। पिछले 10 दिन से हम सब्जी नहीं बेच पाए हैं। हम लोगों के आगे रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पालिका द्वारा पुनः हम लोगों को वहीं स्थान दिया जाए।

जितेंद राठौर, सब्जी विक्रेता


शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका की आय के स्रोत बढ़ाने के लिए साप्ताहिक बाजार में दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। बाजार परिसर की शेष जगह पर फड़ लगाकर दुकानदार पूर्व की भांति सब्जी बेच सकेंगे। कुछ लोग स्थानीय लोगों को भड़काकर राजनीतिक कर रहे हैं। पक्की दुकानों के बनने के बाद भी साप्ताहिक बाजार में काफी जगह खाली रह जाएगी, जिसमें सभी दुकानदारों को पर्याप्त स्थान दिया जाएगा।

– दीक्षा गंगवार, पालिकाध्यक्ष मिलक


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button