Rampur News: हादसे में जान गंवाने वाले दंपती के परिवार को जान से मारने की धमकी
रामपुर। मिलक में ट्रैक्टर की चपेट में आकर दंपती की मौत के बाद उनके बेटे ने ट्रैक्टर चालक पर घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर की है। पीड़ित ने कहा कि आरोपी उनके परिवार को धमका रहा है। क्षेत्र के कजियापुरा गांव निवासी सुरेंद्र पाल और उनकी पत्नी प्रीति देवी को गांव में ही मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली ने कुचल दिया था, जिससे दोनों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद सुरेंद्र पाल के बेटे राकेश राकेश ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत करते हुए कहा कि शुक्रवार को उनके पिता सुरेंद्र पाल और माता प्रीति देवी पर गांव निवासी आरोपी राम बहादुर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को चढ़ा दिया और उनकी हत्या कर दी।
पीड़ित का कहना है कि पूरा घटनाक्रम उसके पुत्र मनीष के सामने हुआ। उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी तो पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन कोई भी कार्रवाई नहीं की। आरोप लगाया कि आरोपी शनिवार देर रात अपने साथियों के साथ उसके घर में घुस आया कहा कि कोई कानूनी कार्रवाई की तो सभी को जान से मार देंगे। पीड़ित ने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।