Rampur News: सीनियर बार के अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग उठी
रामपुर। स्वार में सीनियर बार वेलफेयर एसोसिएशन के सर्व सम्मति से चुने गए अध्यक्ष गुरनाम सिंह संधू के खिलाफ करीब 30 वकीलों ने अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की है। वकीलों ने बार अध्यक्ष पर सदस्यों को बिना विश्वास में लिए अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा पर आपत्ति जताते हुए बार के सरंक्षक को पत्र भेजा है। सीनियर बार वेलफेयर एसोसिएशन के वकीलों द्वारा बार संरक्षक सुंदर लाल को इस संबंध में एक प्रार्थना पत्र दिया गया है। पत्र पर बार के करीब 30 वकीलों के हस्ताक्षर हैं। वकीलों के अनुसार बार अध्यक्ष गुरनाम सिंह संधू ने साथी वकीलों को विश्वास में लिए बिना खुद को अध्यक्ष घोषित करा लिया, जो कि बार काउंसिल के नियमोें के खिलाफ है। नाराज वकीलों ने नियमानुसार चुनाव कराने की मांग की। एक दिसंबर को ही सीनियर बार के अध्यक्ष की घोषणा की गई थी।
वहीं इस मामले में सीनियर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गुरनाम सिंह संधू ने कहा कि उनके साथ 32 सदस्यों का समर्थन है। वह नियमानुसार अध्यक्ष चुने गए हैं। सरंक्षक को भेजे गए पत्र में कई वकीलों के हस्ताक्षर फर्जी हैं और कई वकील ऐसे हैं जिन्हें बार के विरुद्ध अनियमित आचरण के कारण निकाला जा चुका है।