Budaun News: भैंस चराने गए बालक की तालाब में डूबकर मौत

मृतक बालक राम भजन का फाइल फोटो।
– परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इंकार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजरिया। थाना क्षेत्र के गांव मुजरिया में भैंस चराने गए बालक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने को कहा, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
गांव मुजरिया निवासी शिवकुमार यादव का 12 वर्षीय पुत्र रामभजन कक्षा सात का छात्र था। वह गांव के ही परिषदीय विद्यालय में पढ़ता था। मंगलवार दोपहर वह अपनी भैंस को चराने गांव के बाहर तालाब के किराने पहुंचा। इसी बीच उसकी भैंस तालाब में घुसी तो वह भैंस को बाहर निकालने के लिए उसके पीछे तालाब में घुस गया। वहां गहरा गड्ढा होने की वजह से वह तालाब में डूब गया। ग्रामीणों ने उसको किसी तरह से बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी। परिजन उसको लेकर बिल्सी सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद मृतक के परिजनों ने तालाब मालिक पर आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस संबंध में मुजरिया एसओ राजेश कौशिक का कहना है कि तालाब में डूबकर बच्चे की मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।

मृतक बालक राम भजन का फाइल फोटो।