Bareilly News: बरेली डिपो का सीनियर फोरमैन और टेक्नीशियन निलंबित
बरेली। जनरथ श्रेणी की बस में आग लगने के मामले में अब बरेली डिपो के सीनियर फोरमैन विमल कुमार और तकनीशियन इकबाल को निलंबित कर दिया गया है।
बरेली डिपो की जनरथ श्रेणी की बस (यूपी-32 एमएन 9842) शुक्रवार को 30 सवारियां लेकर सेटेलाइट बस स्टैंड से कानपुर के लिए निकली थी। बस पर चालक सुनील कुमार और परिचालक देश दीपक थे। शाम पांच बजे शाहजहांपुर के मदनापुर के पास बस में शार्ट सर्किट से आग लग गई। यात्रियों ने किसी तरह भागकर जान बचाई। हादसे के बाद नोडल अधिकारी श्याम बाबू और जीएम टेक्निकल रवींद्र सिंह बरेली पहुंचे। वर्कशॉप के ग्रुप इंचार्ज राजेंद्र सिंह को शनिवार को ही निलंबित कर दिया गया था।
मंगलवार को एसएम संजीव यादव ने बरेली डिपो के इलेक्ट्रिक तकनीशियन इकबाल को निलंबित कर दिया। दूसरी ओर मुख्यालय स्तर से बरेली डिपो के सीनियर फोरमैन विमल कुमार को भी निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक अब बड़े अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।
हादसे के बाद भी नहीं चेता स्टाफ
एसी बस में आग लगने के बाद भी बरेली डिपो के वर्कशॉप के स्टाफ ने कोई सबक नहीं लिया। एसी बस में शार्ट सर्किट से आग लगी थी। इसके बाद भी अन्य बसों में वायरिंग को ठीक नहीं किया गया। मुआयना में कई अन्य बसों की वायरिंग भी खराब मिली। इसके बाद फोरमैन और टेक्नीशियन के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
एसी कंप्रेशर फटने को आग की वजह बताते रहे अधिकारी
रोडवेज के अधिकारी अपनी गर्दन बचाने के लिए आग लगने का कारण बस के एसी का कंप्रेशर फटना बताते रहे। तकनीकी जांच में सामने आया कि बस में आग उधड़ी पड़ी वायरिंग के कारण लगी थी। इसके बाद जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई और बसों की तकनीकी जांच शुरू की गई है। एसी बस जलने के कारण बरेली डिपो को 50 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
वर्जन
लापरवाही सामने आने पर बरेली डिपो के सीनियर फोरमैन और तकनीशियन के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। बसों का तकनीकी मुआयना कराया जा रहा है। मुख्यालय स्तर से मिले निर्देशों का पालन किया जा रहा है। – दीपक चौधरी, आरएम



