Shahjahanpur News: कैंट से साले और बहनोई को उठा ले गए कार सवार
शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला महमंद जलालनगर निवासी धर्मवीर और उसके साले दानवीर का कुछ लोगाें ने अपहरण कर लिया। मामले में धर्मवीर की पत्नी राजकुमारी ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया है।
राजकुमारी ने पुलिस को बताया कि उनके पति पर पूर्व में कई मुकदमे चल रहे हैं। बुधवार को वह अपने पति धर्मवीर व भाई दानवीर के साथ कचहरी आई थी। लौटते समय कार से आए कुछ लोगों ने धर्मवीर और दानवीर को कैंट के पास रोक लिया और कार में डालकर लेकर चले गए। राजकुमारी ने पुलिस कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र दिया लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। उसने बताया कि उसकी कुछ लोगों से रंजिश चल रही है। आरोपी प्रभावशाली हैं। उनके पति और भाई के साथ अनहोनी होने की संभावना है। इससे पहले भी 17 मार्च काे उसके पति के साथ मारपीट की गई थी। राजकुमारी के अनुसार, उनके पति धर्मवीर पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई पूर्व में की गई थी। उसकी सुनवाई नहीं हुई तो बच्चों समेत जान दे देंगी। एसपी सिटी सुधीर जायसवाल ने बताया कि उनके पास कोई प्रार्थना पत्र नहीं आया है। शिकायत आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

