Shahjahanpur News: सफाईकर्मियों को एप से लगानी होगी हाजिरी, वरना कटेगा वेतन
संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
Updated Fri, 08 Dec 2023 12:45 AM IST
शाहजहांपुर। पंचायती राज विभाग के सफाईकर्मियों को अपने कार्यक्षेत्र के पंचायत घरों में जाकर हाजिरी लगानी होगी। एप के माध्यम से लगने वाली हाजिरी से कर्मचारी की लोकेशन पंचायत घर से पहचानी जाएगी। अगर कहीं दूसरी जगह से सफाईकर्मी हाजिरी लगाना चाहेगा तो नहीं लगेगी। यह व्यवस्था एक दिसंबर से लागू हो गई है। एप से हाजिरी नहीं लगाने पर वेतन कटेगा।
पंचायत सफाई कर्मियों के मोबाइल पर एम स्थापना एप दिसंबर माह में लांच किया है। इसी के माध्यम से हाजिरी लगेगी। एप में सफाईकर्मी की लोकेशन फीड की गई है। जिस ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी तैनात है, वहां के पंचायत भवन पर पहुंचने पर ही सफाईकर्मी की लोकेशन ट्रेस होगी। पहले सफाईकर्मियों की हाजिरी बायोमेट्रिक मशीन से लगने की बात हुई थी, लेकिन यह व्यवस्था कामयाब नहीं पाई। विभागीय लोगों के मुताबिक पंचायत भवन के रजिस्टर पर भी सफाईकर्मियों की हाजिरी लगाई जाएगी।
सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए शासन की ओर से एम स्थापना एप लांच किया गया है। इसके माध्यम से पंचायत सफाईकर्मियों की हाजिरी लगाई जाएगी। यह व्यवस्था लागू हो गई है। – घनश्याम सागर, डीपीआरओ

