Budaun News: शाहजहांपुर की युवती के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में दो गिरफ्तार
बदायूं। शाहजहांपुर की युवती के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने शुक्रवार रात दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अभी दो आरोपी हाथ नहीं आए हैं। थाना पुलिस उन्हें तलाश कर रही है। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला अस्पताल भेजा गया है।
उसावां थाना पुलिस ने शुक्रवार रात शाहजहांपुर की एक 20 वर्षीय युवती को बंधनमुक्त कराया था। युवती का कहना था कि वह शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र की रहने वाली है। एक माह पहले उसावां थाना क्षेत्र के गांव रावतपुर निवासी कल्यान उर्फ कल्पसिंह, सोहन सिंह, नाहर सिंह और जहार सिंह उसे घर से अगवा कर लाए थे।
बाद में सोहन सिंह ने उसके साथ जबरदस्ती शादी कर ली। इस दौरान सोहन सिंह ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसे एक माह तक घर में बंधक बनाकर रखा। शुक्रवार देर शाम उसे किसी तरह मौका मिल गया तो उसने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे बंधनमुक्त कराया। देर रात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई।
थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी तो सोहन सिंह और नाहर सिंह हत्थे चढ़ गए। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस जहार सिंह और कल्यान सिंह को भी तलाश कर रही है। एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।


