Rampur News: कार और एक लाख कैश की मांग पूरी न होने पर युवक ने रिश्ता तोड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sun, 10 Dec 2023 01:27 AM IST
स्वार। क्षेत्र के सीतारामपुर गांव की एक युवती का रिश्ता गोद भराई की रस्म से पहले ही टूट गया। कार और एक लाख कैश की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने रिश्ते से इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि फरवरी माह में युवती की शादी थी। पीड़ित पक्ष कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।
मसवासी क्षेत्र के सीतारामपुर गांव निवासी एक किसान ने अपनी बेटी का रिश्ता उत्तराखंड के थाना बाजपुर के अंतर्गत बन्नाखेड़ा गांव निवासी शोभा राम के पुत्र बंटी के साथ किया था। युवती के पिता का कहना है कि रिश्ते के दिन उसने काफी पैसा खर्च किया था। इसके बाद जून माह में जब गोद भराई की गई तब भी लगभग दो लाख रुपये खर्च किये गए। विवाह मार्च 2024 में होना तय हुआ। रस्म अदायगी के दौरान वर पक्ष ने किसी तरह के दहेज की मांग भी नहीं रखी थी। आरोप है कि युवक पक्ष ने अचानक उनके सामने दहेज में कार और एक लाख कैश की मांग रख दी, जिसे सुनकर वह सन्न रह गया। असमर्थता जताने पर वर पक्ष ने बिना मांग पूरी हुए विवाह से इंकार कर दिया। इस संबंध में बिचौलिए ने भी युवक पक्ष को समझाया, लेकिन वह नहीं मान रहा। शनिवार को पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस को युवक और उसके परिजन के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद समुचित कार्रवाई की जाएगी।