Shahjahanpur News: भारी विरोध के बीच लोधीपुर में गरजा बुलडोजर, 30 मकान-दुकान किए ध्वस्त

बुलडोजर से हटाया गया अतिक्रमण
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के लोधीपुर में रविवार को भारी विरोध के बीच 30 अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। नगर निगम की टीम सुबह ही बुलडोजर लेकर पहुंच गई थी। इस दौरान दुकानदारों ने सामान हटाने की मोहलत मांगी लेकिन अफसरों ने पहले ही नोटिस दिए जाने की बात कही। हालांकि, शाम को काफी विरोध के बाद दो दिन का समय बचे 10 लोगों को दिया है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत हथौड़ा चौराहे से लोधीपुर तक नाले का निर्माण होना है, जिसका कार्य पूर्व में शुरू किया गया था। तब हथौड़ा चौराहे से नेव इंस्टीट्यूट तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया था, लेकिन अतिक्रमण की वजह से शेष कार्य आगे नहीं बढ़ सका। तमाम लोगों ने नाले पर अवैध कब्जा कर दुकान और मकान बना लिए जिससे नाले का काम लगभग दो साल से रुका था।
निर्माण रुकने के बाद नगर निगम ने तीन माह पहले सभी को अतिक्रमण स्वयं हटाने की चेतावनी दी थी, लेकिन किसी ने भी खुद अपना अतिक्रमण नहीं हटाया। मामला डीएम के पास भी पहुंचा था। जिसके बाद डीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए थे। डीएम का आदेश मिलने के बाद रविवार की दोपहर एसडीएम सदर शैलेंद्र गौतम, नगर निगम के अधिशासी अभियंता आशीष त्रिवेदी, सीओ सदर अमित चौरसिया, थाना प्रभारी राजीव कुमार व अन्य अधिकारी पुलिस बल के साथ लोधीपुर पहुंचे।

