Rampur News: स्कूल प्रबंधक और उनकी पत्नी पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Wed, 13 Dec 2023 01:49 AM IST
मिलक। घर में घुसकर स्कूल के प्रबंधक और उनकी पत्नी को फायरिंग करके घायल करने के आरोप में पुलिस ने तीन व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है।
घटना सोमवार की रात नगर के मोहल्ला नसीराबाद में हुई थी। मोहल्ला नसीराबाद निवासी दीपांशु सक्सेना ने पुलिस को तहरीर दी थी। उसने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात 8:30 बजे मोहल्ला निवासी पवन राणा, रोहित राणा और अमन राणा उसके घर में घुस आए। उन लोगों ने उसके पिता विकास चंद्र सक्सेना, चाचा नरेंद्र सक्सेना और मां प्रभा सक्सेेना के साथ मारपीट की। विरोध करने पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में उसकी मां और पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। चाचा के हाथ में भी गम्भीर चोट लगी। घायल अवस्था में तीनों को नगर के सरकारी अस्पताल लाया गया था। गंभीर अवस्था में उसकी मां और पिता को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। चाचा को प्राथमिक उपचार के बाद घर लाया गया। उनकी भी हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धारा में मुकदमा पंजीकृत कर लिया। कोतवाल अनुपम शर्मा ने बताया कि फायरिंग के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई है। संभावित स्थानों पर पुलिस की टीम दविश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


