पीलीभीत

Pilibhit News: 25 लाख का मिनी स्टेडियम बना कूड़ाघर

Connect News 24

Mini stadium worth Rs 25 lakh becomes dustbin

बीएसए कार्यालय परिसर ​में बना मिनी स्टेडियम का खेल मैदान बना डलावघर । संवाद

पीलीभीत। बीएसए कार्यालय परिसर में 25 लाख से बनाया गया मिनी स्टेडियम अनदेखी के चलते कूड़ाघर बन गया है। निर्माण पूरा होने के बाद भी इसे हस्तांतरित नहीं किया गया है। यही वजह है अब तक स्टेडियम में खेल गतिविधियां भी संचालित नहीं हो सकीं हैं।

बेसिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बीएसए कार्यालय परिसर में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। सांसद विकास निधि योजना के तहत इस पर 25 लाख रुपये से अधिक खर्च किए गए। सांसद वरुण गांधी ने 19 अक्तूबर 2022 को इसका शिलान्यास किया।

निर्माण सितंबर 2023 में पूरा होने के बाद विभाग को हस्तांतरित होना था, लेकिन साल का अंतिम महीना खत्म होने वाला है अब तक यह हस्तांतरित तक नहीं हो सका है। इस ओर न तो विभाग ध्यान दे रहा है न ही कार्यदायी संस्था। निर्माण में लाखों खर्च होने के बाद भी बच्चों का यहां खेलने का सपना अब तक अधूरा ही है।

स्टेडियम में लगे कूड़े और गोबर के ढेर

मिनी स्टेडियम का खेल मैदान कूड़ा और गोबर से पटा पड़ा है। आसपास के लोग इसी स्टेडियम में कूड़ा डालते है, जिस वजह से यहां पर काफी बदबू रहती है। पास ही में प्राथमिक विद्यालय भी है, जहां सैकड़ों बच्चे और शिक्षक हैं, जिनको बदबू के कारण दिक्कत आती है लेकिन जिम्मेदार कोई सुध नहीं लेते।

बच्चे कहां करें अभ्यास

बेसिक स्कूल के बच्चों में काफी प्रतिभा है। सरकार की ओर से मिनी स्टेडियम की सौगात भी दी गई, लेकिन अफसरों की अनदेखी के चलते बच्चों को खुद को तराशने का सपना पूरा नहीं हो पा रहा है। बता दें कि जिले में सात और आठ दिसंबर को बेसिक की जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता कराई गई थीं, जिसमें 182 बच्चे प्रथम स्थान पाकर मंडल स्तर के लिए चुने गए थे।

आरईएस ने मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया है। इसे अब तक हस्तांतरित नहीं किया गया है, जिसकी वजह से खेल नहीं हो पा रहे हैं। आरईएस के अफसरों से बात कर स्थिति पता करेंगे।

-अमित कुमार सिंह, बीएसए

काम लगभग पूरा हो चुका है। कुछ अलग से बजट आना है, जिससे खेल उपकरण खरीदे जाने हैं, जो अब तक नहीं आया है। जल्द ही विभाग को स्टेडियम हस्तांतरित कर दिया जाएगा।

-शैलेंद्र चौधरी, एई, आरईएस


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button