Pilibhit News: चोरों ने धार्मिक स्थल सहित नौ जगहों के ताले तोड़े

शहर में शेरो वाली मठिया के पास मंदिर में चोरी की घटना केबाद लगी भीड़ व मौजूद पुलिस । संवाद
पीलीभीत। शहर में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने धार्मिक स्थलों सहित नौ स्थानों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने दानपात्र से नगदी के अलावा अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह जब लोगों को जानकारी हुई तो खलबली मच गई। लोगों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाते हुए जमकर हंगामा करते हुए पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश कर रही है।
मोहल्ला शेर मोहम्मद में शेरों वाली मठिया के पास बृहस्पतिवार की रात चोरों ने मिश्रित आबादी क्षेत्र में मंदिर, दरगाह और इमामबाड़ा समेत नौ स्थानों के ताले तोड़ डाले। वहां से हजारों रुपये की नकदी समेत जरूरत का सामान चुरा ले गए। सुबह लगभग सात बजे जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो एक-एक कर घटना की जानकारी हो सकी।
इसके बाद मोहल्ले में कई लोग एकत्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। मामला धार्मिक स्थल से जुड़ा होने के कारण हिंदू संगठन के नेता भी मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। मौके से ही अधिकारियों को फोन कर मामले की जानकारी दी। इसके बाद भी कोतवाली पुलिस से महज दरोगा और सिपाही को भेजा गया। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। पुलिस कर्मियाें से नोकझोंक होने लगी।
इसी दौरान मोहल्ले वालों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए विरोध जताना शुरु कर दिया। मामला बढ़ता देख मोहल्ले में और पुलिस को बुलवाना पड़ा। इसके बाद एसओजी, फील्ड यूनिट टीम, क्यूआरटी समेत कोतवाली की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। हालांकि डॉग स्कवॉयड काफी दूर तक गए भी, लेकिन कोई ठोस सबूत हाथ नहीं लग सका।
पुलिस की पिकेट पर मोहल्लों वालों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्दी बढ़ते ही चोरी की घटनाएं होने लगती हैं। पहले तो पुलिस की गश्त होती थी। मगर अब गश्त पूरी तरह से बंद है। रात के समय पुुलिस सायरन पिछले 15 दिन से सुनाई नहीं दे रहा है। अगर पुलिस रात में गश्त कर रही होती तो एक-दो जगह तो घटना होने से बच ही सकती थी, मगर नौ जगहों पर घटना को अंजाम देना एक बड़ी बात है।
पुलिस से बेखौफ होकर चोरों ने दिया घटना को अंजाम
मोहल्लों में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार चोर ई-रिक्शे पर दिखाई दे रहे हैं। सभी चोरों के हाथ में लोहे की सरिया व राॅड दिखाई दे रही है। मोहल्ले में लगभग एक घंटा तक चोरों की चहलकदमी रही। अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने पुलिस से बेखौफ होेकर घटना को अंजाम दिया है। उन्हें जानकारी थी कि पुलिस इस समय गश्त नहीं करती।
वाशिंदों ने पालिका प्रशासन पर भी लगाया आरोप
मोहल्ले वालों का कहना था कि पिछले काफी लंबे समय से यहां पर पथ प्रकाश व्यवस्था सही नहीं है। इसको लेकर बार-बार कहा जा रहा है। मगर पालिका प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। यही कारण है कि चोरों ने कमल्ले चौराहे से बेलों वाले चौराहे तक बड़े आराम से घटना को अंजाम दिया।
इन जगहों पर हुईं चोरियां
शिव शक्ति मनोकामाना मंदिर में एक मूर्ति, दान पात्र, देवी जी के जेवरात, गुलाबशाह की मजार का गुल्लक, भिश्तियों वाली मस्जिद के इमाम बाड़ेे का गुल्लक, मुन्ना किराना स्टोर से 20 हजार की नकदी समेत अन्य सामान, गुड्डू के खोखे से पांच हजार की नकदी समेत सामान, अब्दुल सलीम की स्टेज सजावट की दुकान से 10 हजार का सामान, नाजिम के होटल का भगौना, गिलास, प्लेट समेत 40 हजार रुपये का सामान, आरिफ के खोखे से पांच हजार रुपये का सामान चोरी गया है। इसके अलावा पास में स्थित शब्बीर अहमद के पूल पर चोरों ने ताला तोड़ा, लेकिन सामान नहीं ले जा सके।
घटना की जानकारी लगने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची थी। जहां घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। – अनिल कुमार यादव, एएसपी

शहर में शेरो वाली मठिया के पास मंदिर में चोरी की घटना केबाद लगी भीड़ व मौजूद पुलिस । संवाद

शहर में शेरो वाली मठिया के पास मंदिर में चोरी की घटना केबाद लगी भीड़ व मौजूद पुलिस । संवाद

शहर में शेरो वाली मठिया के पास मंदिर में चोरी की घटना केबाद लगी भीड़ व मौजूद पुलिस । संवाद

शहर में शेरो वाली मठिया के पास मंदिर में चोरी की घटना केबाद लगी भीड़ व मौजूद पुलिस । संवाद



