लोकसभा चुनाव में पीडीए ही एनडीए को हराएगा : अखिलेश

प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित सपा कार्यकर्ता। संवाद
शाहजहांपुर। आने वाले लोकसभा चुनाव में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) ही एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) को हराएंगे। यह बात सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यहां हो रहे प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कही।
पूर्व एमएलसी जयेश प्रसाद के मैरिज लॉन में हो रहे शिविर के समापन अवसर पर अखिलेश यादव ने भाजपा को निशाने पर रखा और कार्यकर्ताओं से भाजपा की साजिशों से निपटने के लिए तैयार रहने की अपील की। अखिलेश ने सचेत किया कि सन 2024 के चुनाव में चूक गए तो संविधान निर्माता बाबा साहब आंबेडकर द्वारा दिया वोट का अधिकार भी हमसे छीन लिया जाएगा। यह अधिकार छिन गया तो सरकार बदल नहीं पाएंगे। परिवर्तन और बड़ा बदलाव नही ला पाएंगे। उन्होंने बताया कि इंडिया गठबंधन भारत के चुनाव के लिए है। जब देश का चुनाव आएगा, तब बात की जाएगी। हमें किसी प्रकार के संशय में रहकर चुनाव नहीं लड़ना है। उन्होंने पूर्व में सपा और बसपा के गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि हम बूथ स्तर पर गांवों में तैयार नहीं थे। इसलिए उस समय भाजपा बाजी मार ले गई थी।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि जिले से तीन-तीन मंत्री आते हैं। नौ बार के विधायक और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के शहर की हालत हमने देखी है। पूरे शहर की सड़कें खोदी हुई पड़ी हैं। बोले-गलियों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। जिस मंत्री के हाथों में खजाने की चाभी है, उनके शहर का यह हाल है। लखनऊ से शाहजहांपुर आते समय रास्ते में हर डिवाइडर पर छुट्टा जानवर घूम रहे हैं। संवाद

प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित सपा कार्यकर्ता। संवाद

