रॉकी और रानी की प्रेम कहानी पर अनुराग कश्यप ने लुटाया प्यार, करण जौहर की तारीफों के बांधे पुल
Anurag Kashyap Note for Karan Johar: करण जौहर की फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है. इसी के चलते फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने भी फिल्म को लेकर अपना अनुभव शेयर किया है. अनुराग कश्यप ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए करण जौहर के लिए एक पोस्ट लिखा है.
अनुराग ने की करण की तारीफ
अनुराग कश्यप ने करण जौहर के फिल्म निर्देशन को लेकर काफी तारीफ की है. अनुराग कश्यप ने बताया कि ऐसा दूसरी बार हुआ, जब उन्होंने करण जौहर की फिल्म को दो बार टिकट खरीदकर देखा. अनुराग को करण की फिल्म इतनी ज्यादा पसंद आई कि उन्होंने कई और लोगों को भी फिल्म देखने के लिए कहा. अनुराग ने लिखा कि ‘मैं जिस करण जौहर को जानता हूं, उसे करण ने पूरी तरह से इस फिल्म में दिखा दिया’.
रणवीर और आलिया की जोड़ी लगी बेस्ट
इसके साथ ही अनुराग कश्यप ने फिल्म के लीड स्टार्स के काम की भी खूब प्रशंसा की. अनुराग ने अपने इंस्टाग्राम नोट में लिखा कि रणवीर सिंह फिल्म में अपनी टॉप फॉर्म में नजर आ रहे हैं. वहीं, आलिया भी काफी ब्रिलियंट दिखाई दे रहीं हैं. साथ ही फिल्म निर्माता ने रणवीर और आलिया की फिल्म में दिख रही केमिस्ट्री की भी तारीफ की.
धरम और शबाना की लव स्टोरी
अनुराग कश्यप ने फिल्म के बाकी किरदारों की भी जमकर तारीफ की. अनुराग ने फिल्म में दिखाई गई शबाना आजमी और धर्मेंद्र के बीच की लव स्टोरी को काफी एंजॉय किया. साथ ही जया बच्चन के किरदार को लेकर भी अनुराग ने तारीफों के पुल बांधे. साथ ही बाकी किरदारों को भी अलग से मेंशन करते हुए उनके काम को भी सराहा.
फिल्म का बेस्ट सीन
अनुराग कश्यप ने फिल्म की डायलॉग राइटिंग को लेकर भी अपने नोट में जिक्र किया. इसके लिए अनुराग ने इशिता मोइत्रा और सुमित रॉय को भी अपनी पोस्ट में लेते हुए अच्छे काम के लिए सराहा. वहीं, अनुराग ने अपनी पोस्ट में फिल्म के अपने सबसे पसंदीदा सीन को भी बताया. अनुराग को फिल्म में रणवीर सिंह और टोटा रॉय चौधरी का डोला रे डोला पर डांस सबसे ज्यादा बेस्ट लगा.