Bareilly: जालसाज ने सोने की अशर्फियां बताकर खेत में खुदवाया, किसान को थमा दिए पीतल के सिक्के

पीतल के सिक्के
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के थाना कैंट क्षेत्र के नकटिया में एक ठग ने मीरगंज क्षेत्र के ग्रामीण को उसके खेत में सोने की अशर्फियां दबी होने का लालच देकर नकदी और जेवर ठग लिए। खेत की खोदाई से जो चमकदार सिक्के निकले, वो सब पीतल के थे। पीड़ित इन्हें लेकर एसएसपी दफ्तर आया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी भोजीपुरा क्षेत्र के प्रधान का भाई है।
मीरगंज के गांव कुतकपुर निवासी ताराचंद ने बताया कि वह ऑटो चलाते हैं। आरोप है कि एक युवक से उसकी मुलाकात कचहरी में हुई थी। युवक ने उसकी परेशानी पूछी और भोजीपुरा के अंबरपुर प्रहलादपुर निवासी एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया। कहा कि वह उसके गुरु हैं। उनसे मिलकर सभी परेशानी दूर हो जाएगी। ताराचंद ने कॉल की तो उन्हें विलवा पुल के नीचे बुलाया। उनके गांव का नाम पूछा और साथ ही उसके खेत पर गया। वहां थोड़ी मिट्टी खोदकर मंत्र पढ़कर कहा कि यहां सोने की अशर्फियां हैं।



