Bareilly News: मलेरिया के 76 मरीज मिले, तीन डेंगू की चपेट में
बरेली। मलेरिया के बढ़ रहे केस नियंत्रित करने के दावों के बीच सोमवार को पिछले 24 घंटे में बुखार के 76 मरीज मिले है। जिले में करीब 1500 मरीज मलेरिया की चपेट में हैं। उधर, जिला अस्पताल में हुई संदिग्ध मरीजों की एलाइजा जांच में तीन मरीज डेंगू की चपेट में मिले।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक शेरगढ़ में 22, मीरगंज में 18, फतेहगंज पश्चिमी में 14, भमौरा में दस, मझगवां में छह, नवाबगंज में चार लोग मलेरिया की चपेट में मिले हैं। इसमें आठ लोग फेल्सीपेरम से पीड़ित हैं। इसके अलावा मेडिकल मोबाइल यूनिट की तीन टीमों ने अलग-अलग गांवों में पहुंचकर बुखार के करीब 60 मरीजों की जांच की। सभी रिपोर्ट निगेटिव रही।
प्रभाावित गांवों में मीरगंज का सुजानपुरा, गहलुइया और शेरगढ़ का उमरी बुजुर्ग शामिल रहा। सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि मरीजों को दवाएं दी गई हैं। मलेरिया की दवा का कोर्स 14 दिन का होता है। मरीज नियमित दवाओं का सेवन करें, इसके लिए आशा कार्यकर्ता केस फॉलोअप करेंगी।
फोटो
ओपीडी में बढ़े बुखार के मरीज
जिला अस्पताल और तीन सौ बेड अस्पताल में बुखार के मरीजों की कतार बढ़ती जा रही है। सोमवार को जिला अस्पताल में 322 और तीन सौ बेड अस्पताल में 120 बुखार के चपेट में रहे बच्चे, बुजुर्ग और युवा पहुंचे। लक्षणों के आधार पर मलेरिया, डेंगू की जांच का सुझाव दिया। पर्चा काउंटर पर करीब 1400 पर्चे बने थे। अस्पताल के दवा और पर्चा काउंटर पर दोपहर एक बजे तक मरीज, तीमारदारों की भीड़ रही।



