Bareilly News: ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते एयर ट्रैफिक बढ़ा, हवाई सफर अब तीन गुना हुआ महंगा

बरेली एयरपोर्ट
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली से मुंबई और बेंगलुरू की हवाई यात्रा करने वालों को अब अधिक खर्च करना पड़ रहा है। करीब तीन गुना ज्यादा किराया देकर लोग हवाई सफर कर रहे हैं। एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक एयर ट्रैफिक 90 फीसदी पहुंचने से तत्काल बुकिंग काफी महंगी पड़ रही है।
गर्मी की छुट्टियों के साथ ही अब फैमिली ट्रिप, धर्मस्थलों और पर्यटन के लिए शहरवासियों ने बैग पैक कर लिए हैं। ट्रेनों में भीड़भाड़ और वेटिंग टिकट मिलने से हवाई सफर ही विकल्प है। सजग लोगों ने ऐन मौके पर ज्यादा किराया चुकाने के बजाय एडवांस में ही बुकिंग करा ली थी। जून में हर दिन 80 फीसदी से ज्यादा एडवांस बुकिंग हो चुकी है। ऐसे में अब शेष बची सीटों के लिए दो से तीन गुना तक किराया भुगतान पड़ रहा है।
एयरलाइंस प्रतिनिधि साकेत अग्रवाल के मुताबिक मुंबई और बंगलूरू के लिए अब एडवांस बुकिंग कराने पर भी कम से कम सात हजार और अधिकतम 15 हजार रुपये तक भुगतान करना पड़ रहा है। सामान्य दिनों में यही किराया 5,000 से 6,500 रुपये तक रहता है। दिल्ली का आमतौर पर 1,900 से 2,100 रुपये तक मिलने वाला टिकट अब 3,200 रुपये तक पहुंच गया है।



