Bareilly News: आयुष सीएस प्रोफेशनल के तीनों ग्रुप में सफल
बरेली। इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरी ऑफ इंडिया (आईसीएसआई) की ओर से शुक्रवार को सीएस एग्जिक्यूटिव और प्रोफेशनल के अलग-अलग ग्रुप के परिणाम घोषित किए गए। इसमें बरेली के 19 वर्षीय आयुष गुप्ता ने तीनों ग्रुपों में सफलता हासिल की है। उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
करीब दो माह पहले जून में कंपनी सचिव की प्रोफेशनल और एग्जिक्यूटिव ग्रुप की परीक्षा हुई थी। आईसीएआई की संयुक्त सचिव प्रीति कौशिक बनर्जी की ओर से परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। इस परीक्षा में बरेली शहर से प्राप्त आवेदन के सापेक्ष एग्जिक्यूटिव माॅडयूल फर्स्ट में 6.38 फीसदी, मॉडयूल सेकंड में 13.56 फीसदी अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए। प्रोफेशनल प्रोग्राम परीक्षा के मॉडयूल फर्स्ट से 16.67 फीसदी, मॉडयूल सेकंड से 15.79 फीसदी, मॉडयूल थर्ड से 33.33 फीसदी अभ्यर्थी पास हुए। तीनों मॉडयूल पास करने वालों में बरेली के आयुष गुप्ता शामिल रहे।
फोटो : कड़ी मेहनत से मिली सफलता
दुर्गानगर के रहने वाले इंजीनियर उमेश कुमार गुप्ता के बेटे आयुष गुप्ता ने बताया कि कंपनी सचिव के मॉडयूल में सफलता हासिल करने के लिए उन्होंने तैयारी पहले ही शुरू कर दी थी। सभी पड़ाव पार करने के लिए कड़ी मेहनत की। सेल्फ स्टडी पर पूरा जोर रहा। छोटे-छोटे लक्ष्य निर्धारित कर प्रयास किया। आखिरकार सफलता मिली। इसका श्रेय उन्होंने माता-पिता को दिया है।


