Bareilly News: बरेली-मथुरा हाईवे को फिर किया बंद
बदायूं/बरेली। श्रावण मास के पांचवें सोमवार के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुगम बनाने के लिए शुक्रवार रात से जिले में रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। अगले तीन दिन तक इसी अनुसार यातायात संचालित होगा। वहीं इसके तहत बरेली-मथुरा हाईवे बंद कर दिया गया है। अब बरेली जाने वाले वाहन कुंवरगांव, आंवला होते हुए बरेली गुजारे जाएंगे।
जिले में श्रावण मास के चार सोमवार तक पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था अच्छी रही। जिले में कांवड़ियों की संख्या के अनुसार यातायात व्यवस्था लागू की गई। अब तक कहीं भी कांवड़ियों को अव्यवस्था का सामना करना नहीं पड़ा है। पिछले सोमवार को जिले में कांवड़ियों की संख्या काफी ज्यादा रही।
शनिवार से लेकर सोमवार दोपहर तक कांवड़ियों का खूब आना जाना रहा। इससे पुलिस भी अलर्ट रही। अब श्रावण मास का पांचवां सोमवार आ रहा है। इसकी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस ने कमर कस ली है।
शुक्रवार रात आठ बजे से जिले में रूट डायवर्जन लागू कर दिया। कांवड़ियों के रूट पर जहां-जहां पुलिस बल लगाया गया है। वहां पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया। अब बदायूं-मथुरा हाईवे बंद कर दिया जाएगा। वहीं, कासगंज की ओर जाने वाले वाहन कादरचौक होते हुए जाएंगे।
यातायात इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में शुक्रवार रात से रूट डायवर्जन किया गया है। इस रूट पर जहां-जहां पुलिस तैनात है, उसे फिर से अलर्ट कर दिया है। जिले में लागू रूटडायवर्जन के अनुसार वाहन निकाले जा रहे हैं।



