Budaun News: राहुल गांधी की सजा पर रोक से कांग्रेसी गदगद, मिठाई बांटी
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sat, 05 Aug 2023 02:33 AM IST

बस स्टैड पर एक दूसरे को मिठाई खिलाते कांग्रेस कार्यकर्ता। स्रोत: आयोजक
बदायूं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सुनाई गई सजा और दोष सिद्धि पर सुप्रीम कोर्ट की ओर से रोक लगाने के बाद कांग्रेस नेताओं ने प्राइवेट बस स्टैंड पर खुशी का इजहार किया। उन्होंने इसे देश व संविधान की जीत बताया और मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की। इस दौरान राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय लोगों की जीत है, वोटरों की जीत है। देश की और संविधान की जीत है। लोकतंत्र के मंदिर में राहुल गांधी को दोबारा देखने के लिए उत्सुक है। उपाध्यक्ष सुरेश राठौर ने कहा, आज बहुत ही खुशी का दिन है। लोकतंत्र की जीत हुई है, संविधान की जीत हुई है। हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते है।
मुख्य महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी रजनी ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर में फिर आम जन की बुलंद आवाज गूंजेगी। संसद और सड़क तक जनता के सवालों पर संग्राम जारी रहेगा। प्रदेश सचिव सोशल मीडिया शिवम यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला दर्शाता है कि सरकार मनमाने तरीके से असंवैधानिक फैसले ले रही है। जिसको बदलने के लिए सुप्रीम कोर्ट को भी हस्तक्षेप करना पड़ रहा है।