बरेली

Bareilly News: मालगाड़ी से टकराया गोवंशीय पशु, डेढ़ घंटे ठप रहा संचालन

Connect News 24

बरेली। डाउन लाइन पर रविवार को मालगाड़ी से गोवंशीय पशु टकराने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा। पशु का शव रेल ट्रैक पर पड़ा रहने के कारण राज्यरानी, त्रिवेणी और कोलकाता एक्सप्रेस प्रभावित हुईं। दोपहर करीब 12 बजे रेल ट्रैक साफ कर यातायात बहाल कराया गया।

मुरादाबाद से बरेली होते हुए बाराबंकी जा रही मालगाड़ी से रविवार सुबह करीब 10:30 बजे ब्लॉक सेक्शन में गोवंशीय पशु टकरा गया। इससे गोवंशीय पशु के कई टुकड़े हो गए। हादसे के बाद मालगाड़ी आगे बढ़ गई। इसे ब्लॉक सेक्शन में लूप लाइन पर रोक दिया गया और रेल ट्रैक से पशु के अवशेष हटाने के लिए स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने संबंधित विभागों को मेमो भेज दिया। पीडब्ल्यूआई और सीएचआई के स्तर से मेमो को नजरअंदाज कर दिया गया। इस कारण मालगाड़ी के पीछे आ रही 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस, 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस और 13151 जम्मूतवी एक्सप्रेस को रास्ते में रोकना पड़ा। करीब डेढ़ घंटे तक रेल ट्रैक बाधित रहने से अन्य ट्रेनें प्रभावित हुईं। 12 बजे के बाद रेल ट्रैक से पशु के अवशेष हटाने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका।

सीएचआई सलाउद्दीन का कहना है कि जिस स्थान पर पशु कटा था वह उनके कार्य क्षेत्र में नहीं आता। सिग्नल के अंदर अगर इस तरह की कोई घटना होती है तो समय से ट्रैक क्लियर करा दिया जाता है। पीडब्ल्यूआई विनय कुमार का कहना है कि ट्रैक से पशु के अवशेष हटाने का काम सीएचआई के अधिकार क्षेत्र का था, लेकिन समय से काम नहीं होने से समस्या हुई।

दो विभागों की खींचतान में परेशान होते हैं यात्री

– रेलवे के दो विभागों के बीच अक्सर खींचतान के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पिछले महीने भी जंक्शन के पास ट्रेन से पशु कटने के बाद दो घंटे तक ट्रैक साफ नहीं किया जा सका। इस कारण अप लाइन की पांच ट्रेनें प्रभावित हुई थीं। इस बार भी ऐसा ही हुआ।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button