बरेली

Bareilly News: सौ करोड़ के जमीन घोटाले का साजिशकर्ता गिरफ्तार

Connect News 24

बरेली। फर्जी दस्तावेज बनाकर निजी कंपनी और नगर निगम के करार वाली करीब सौ करोड़ की जमीन की हेराफेरी करने के आरोपी साजिशकर्ता मोहम्मद हसीन को क्राइम ब्रांच ने जेल भेज दिया। इस मामले में हेराफेरी के आरोपी कानूनगो और मुंशी को पहले ही जेल भेजा जा चुका है। दो आरोपी फरार हैं।

वर्ष 2012 में मिनी बाईपास के पास करीब 12 बीघा बेशकीमती जमीन को लेकर चैट्सवर्थ इंफ्रा डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड का नगर निगम से करार हुआ था। नगर निगम की कुछ जमीन बीच में आ रही थी। तब कंपनी ने अपनी जमीन नगर निगम को देकर इस जमीन पर मालिकाना हक ले लिया था। विवादित गाटा संख्या 220 को लेकर प्रेमनगर के शाहबाद मोहल्ला निवासी मोहम्मद हसीन और उसके परिजनों ने वर्ष 1964 की पुरानी वरासत दिखाकर इस भूमि को पुश्तैनी संपत्ति दिखाने की कोशिश की। इसमें नए रिकॉर्ड में खेल करने के लिए फरीदपुर के बक्सरिया निवासी कानूनगो नन्हे बाबू और उसके मुंशी हरूनगला निवासी सुधीर सक्सेना को साथ लिया।

सितंबर 2020 में चैट्सवर्थ इंफ्रा के एमडी अहमद अब्बास के प्रतिनिधि जावेद आलम को इस खेल का पता लगा। तब उन्होंने थाना किला में मोहम्मद ताहिर, उसके बेटे हसीन, धर्मेंद्र यादव और नवीन दुबे समेत करीब आठ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुरू में किला थाना पुलिस ने इस मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी।

प्रभावशाली आरोपियों से जुड़े मामले में इसकी विवेचना बाद में क्राइम ब्रांच को दी गई। तब विवेचक इंस्पेक्टर नरेश कश्यप ने जांच में मामला सही पाया। उन्होंने नन्हे बाबू और सुधीर सक्सेना को वर्ष 2022 में जेल भेजा था। एसपी क्राइम के निर्देश पर टीम गठित कर इंस्पेक्टर नरेश कश्यप आरोपियों को तलाश कर रहे थे। मंगलवार को हसीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button