Bareilly News: उपभोक्ता परेशान…कहीं मीटर नहीं लग रहा, कहीं बिजली बंद होने पर भी चल रहा
बरेली। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की उपभोक्ता सेवाओं का बुरा हाल है। कहीं कई शिकायतों के बावजूद मीटर नहीं बदल रहे तो कहीं नए लगाए गए मीटर घर की बिजली बंद होने पर भी चलने की शिकायत है। खराब मीटर 15 दिन में बदलने का दावा कागजी होने की पोल भी लगातार खुल रही है। परेशान उपभोक्ताओं ने अपनी बात अफसरों तक पहुंचाने के लिए अमर उजाला से पीड़ा साझा की है।
मीटर तेज चलने और समस्याओं का समय से निराकरण न होने की शिकायत भी लोगों की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि 1912 पर शिकायत के बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो रहा। समस्या का कागज पर समाधान होने की बात कह दी जाती है, जबकि समस्या दूर नहीं होती।
ये हैं लोगों की शिकायतें
1
मीटर बदलने के लिए 5 जुलाई को आवेदन पत्र दिया गया था। अभी तक मीटर नहीं बदला गया है। बार-बार संपर्क करने पर शीघ्र बदलने का आश्वासन दे दिया जाता है।
डॉ. तेज सिंह यादव, 3/57 डीडीपुरम
2
रबड़ीटोला के निकट रंगरेज़ों वाली मस्जिद के पास वाले क्षेत्र में शुक्रवार को 50- 60 घरों में नए मीटर लगाए गए हैं। ये मीटर घर की सारी लाइटें बंद करने पर भी चल रहे हैं। लोग परेशान हो रहे हैं। चेक कराएं या मीटर हटवाएं।
सोनू, रबड़ीटोला, आजाद इंटर कॉलेज के निकट सैलानी रोड
3-
मेरे घर का बिजली कनेक्शन खंभे से ढीला है। ऑनलाइन शिकायत कई बार दर्ज कराई लेकिन कोई आया नहीं, जब 1912 पर दोबारा फोन किया तो बता दिया गया कि आपकी शिकायत दूर कर दी गई है। कागजी निस्तारण से मेरी तरह कई उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं।
प्रकाश पाल, 24 माधवपुरम
4
मैं प्रतिमाह समय से पहले बिल जमा करती हूं। मीटर की रफ्तार तेज हो गई है और अचानक बिलिंग बढ़ गई। ऐसा लगता है कि मीटर में खराबी है। विभाग चेक कराए तो हकीकत पता चलेगी।
शकुंतलादेवी, सिद्धार्थनगर फेस 2 निकट रामलीला गौंटिया
कोट-
उपभोक्ताओं की जो शिकायतें 1912 पर आ रही हैं, उन्हें समय सीमा में निस्तारित करने के निर्देश सभी अधिशासी अभियंताओं को दिए गए हैं। देरी के संबंध में भी कारण पूछा जाता है। कई बार उपभोक्ता अपने घर पर नहीं मिलते, इसलिए निराकरण में देरी हो जाती है।
विकास सिंघल, अधीक्षण अभियंता


