Bareilly News: फंदे से लटका मिला युवक का शव
आंवला। अलीगंज के गांव जोगीठेर निवासी हरीश (25) का शव मंगलवार को अलीगंज-आंवला रेलवे क्रॉसिंग के पास पेड़ पर फंदे से लटका मिला। शरीर पर चोट के निशान हैं। परिजनों ने हत्या करने के बाद आत्महत्या दिखाने के लिए शव लटका देने का आरोप लगाया है।
हरीश की ससुराल सीबीगंज के गांव सरायतल्फी में हैं। रविवार को ससुराल में श्राद्ध था। दावत में शामिल होने के बाद सोमवार को दोपहर करीब एक बजे से वह ससुराल से घर जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू हुई। काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला।
मंगलवार को सुबह के समय खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने अलीगंज रोड पर फुलासी रेलवे क्रॉसिंग के पास पेड़ पर फंदे से शव लटकता दिखाई दिया। तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सीओ दीपशिखा और इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने शव को पेड़ से उतारकर कपड़ों की तलाशी ली।
जेब में मिले आधार कार्ड के जरिये शिनाख्त हरीश के तौर पर हुई। सूचना पर परिजनों के साथ फोरेंसिक टीम भी पहुंच गई। पास में ही हरीश की बाइक खड़ी हुई थी। बड़े भाई ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं, इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
अंगूठे पर चोट, फटा मिला जूता
हरीश के बाएं पैर के पंजे में गहरी चोट का निशान है। जूता भी आधा फटा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि शव को खींचने की वजह से जूता फटा होगा। पास में खड़ी बाइक में चाबी भी लगी हुई मिली।
डेढ़ वर्ष पहले हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि हरीश की डेढ़ वर्ष पहले ही शादी हुई थी। रविवार को पहले हरीश पत्नी की ननिहाल और वहां से अपनी ससुराल गए थे। परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, ससुरालियों का कहना है कि दावत में शामिल होने के बाद वह तुरंत ही घर जाने की बात कहकर निकल गए थे। इसके बाद क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है।



