Bareilly News: ठेके से कॉलेज की दूरी नापने पहुंची आबकारी टीम को घेरा
बरेली। कोतवाली इलाके में बांस मंडी स्थित देसी शराब के ठेके की कॉलेज से दूरी नापने पहुंची आबकारी टीम को स्थानीय लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। सोमवार को लोगों ने अफसरों को घेरकर खूब हंगामा किया। यहां छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को भीड़ ने कोसा और हर हाल में ठेका बंद कराने की मांग की।
बांस मंडी में शराब के ठेके को लेकर रविवार को तीखा विरोध हुआ था। सोमवार को आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर कुंवर विशाल भारती टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दुकान संचालक चक्रवीर सिंह व लोगों से बात की। इससे पहले फीता डालकर ठेके से साहू राम स्वरूप इंटर कॉलेज तक दूरी की नपत की। इस दौरान काफी संख्या में आसपास के व्यापारी व स्थानीय लोग यहां आ गए। उन्होंने बताया कि शराब के ठेके के साथ यहां कैंटीन भी होने से शाम को शराबियों का मजमा लगता है। छात्राओं व महिलाओं का रास्ता निकलना मुश्किल कर दिया है। वह छात्राओं से अश्लील हरकत करते व फब्तियां कसते हैं। इंस्पेक्टर ने कहा कि वह सभी पक्ष की बात और अपनी जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को देंगे।
फोटो-
हमारा पार्लर बंदी के कगार पर
शराब के ठेके के पास ब्यूटी पार्लर चलाने वाली संगीता जायसवाल ने बताया कि वह यहां 28 साल से काम कर रही हैं। अब उनका पार्लर बंदी के कगार पर है। यहां महिलाएं आना नहीं चाहतीं। यहां आने पर उन्हें मोड़ पर ही शराबियों की घूरती नजर और भद्दे कमेंट का सामना करना पड़ता है।
युवती पर कसे कमेंट, छात्राएं भी परेशान
गोपाल राम स्कूल के संचालक संजीव जायसवाल भी यहां मौजूद थे। उन्होंने बताया कि शराब दुकान ढाई साल से संचालित है। लगातार इसका विरोध हो रहा है। कुछ समय से उसमें कैंटीन खोल ली है। इससे ज्यादा भीड़ लग रही है। स्कूली छात्राओं को दिक्कत है। तीन दिन पहले एक युवती पर कमेंट किए गए जो नौकरी करके परिवार पाल रही है।
वर्जन
शराब दुकान से कॉलेज की न्यूनतम दूरी 50 मीटर होनी चाहिए। यह मानक जांच में पूरा मिला है। कैंटीन उसमें पहले से नियमानुसार खोली गई थी। अब उसे बंद कर दिया गया है। यह ऐसा इलाका है जहां शराब बिक्री के लिए दुकान नहीं मिलती। जनता की शिकायत पर गौर करते हुए 31 मार्च के बाद दुकान का ठेका नहीं किया जाएगा। इस दुकान का कोटा शहर में कहीं और तय किया जाएगा। – विजय प्रताप सिंह, जिला आबकारी अधिकारी



