Bareilly News: बीडीए बोर्ड में जाएंगे चार पार्षद… नगर निगम में बढ़ गई सियासी गहमागहमी
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sat, 09 Sep 2023 02:04 AM IST
बरेली। नगर निगम से हर बार की तरह अबकी बार भी बीडीए के बोर्ड में चार पार्षद शामिल किए जाएंगे। दावेदार चार से अधिक हैं। इसलिए सियासी गहमागहमी बढ़ गई है। नौबत मतदान की भी आ सकती है।
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) बोर्ड में चार पार्षदों को भेजने के लिए 14 सितंबर को नगर निगम ने विशेष बैठक बुलाई गई है। इसमें चार पार्षदों के नाम तय किए जाएंगे। सहमति नहीं बनी तो पदेन सदस्यों के साथ निर्वाचित 80 पार्षद भी मतदान करेंगे। विपक्ष की ओर से कोई विरोध नहीं किया गया तो भाजपा के चार पार्षद निर्विरोध चुन लिए जाएंगे। बीडीए में जाने के लिए वर्ष 2018 में चुनाव हुए थे। तब भाजपा के पार्षद सतीश कातिब, आरेंद्र अरोड़ा, नरेश शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया था। सपा से राजेश अग्रवाल और शमीम अहमद मैदान में थे। चुनाव परिणाम में भाजपा के तीनों प्रत्याशी जीते थे। सपा से राजेश अग्रवाल विजयी हुए थे। तब नगर निगम बोर्ड के पदेन सदस्य सांसद, विधायक, एमएलसी ने भी मतदान किया था। अब नगर निगम की सियासत से जुड़े लोगों की निगाहें होने वाले चुनाव और दावेदारों पर लगी हैं। दावेदारों का पता 14 सितंबर बैठक में चलेगा।


