Bareilly News: स्मैक तस्करी पर बहेड़ी पुलिस की सुस्ती को लेकर आईजी सख्त
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sat, 02 Sep 2023 02:06 AM IST
बरेली। बहेड़ी होकर उत्तराखंड के लिए ले जाई जा रही स्मैक के मामले में आईजी सख्त हुए हैं। उन्होंने एसएसपी को फोन पर जांच व कार्रवाई कराने का निर्देश दिया है।
उत्तराखंड पुलिस ”नशामुक्त हो उत्तराखंड” अभियान चला रही है। वहां स्मैक तस्करों की गिरफ्तारी की जा रही है। स्मैक की लगातार बरामदगी हो रही है। अधिकतर स्मैक तस्कर व हैंडलर बरेली जिले के ही बताए जा रहे हैं। पहाड़ों पर युवाओं की नसों में जो नशा घोल रही 90 फीसदी स्मैक भी बरेली से ही जाती है। रुद्रपुर व नैनीताल पुलिस के अधिकारी इस कार्रवाई के दम पर अपनी सरकार से शाबासी ले रहे हैं, जबकि बहेड़ी व इस रोड के दूसरे थाने देवरनिया व भोजीपुरा की पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
इस मामले में आईजी डॉ. राकेश सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान को निर्देश दिए हैं कि बहेड़ी सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई जाए और स्मैक की खेप व तस्कर स्थानीय स्तर पर ही पकड़े जाएं ताकि दूसरे राज्य में बरेली की बदनामी न हो।



