बरेली

Bareilly News: आरोग्य मेले में बढ़े त्वचा रोगी, मिले दो कैंसर संदिग्ध

Connect News 24

बरेली। जिले के 71 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आयोजित आरोग्य मेले में 3,597 मरीज इलाज कराने पहुंचे। जांच के बाद कैंसर संदिग्ध दो मरीज मिले। बायोप्सी जांच के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। मेले में त्वचा रोगियों की तादाद 600 से अधिक रही।

सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह के मुताबिक मरीजों में मुंह का कैंसर होने की आशंका है। जांच के बाद ही बीमारी की पुष्टि हो सकेगी। इधर, बारिश के बाद अब त्वचा रोगियों की तादाद भी बढ़ी है। इससे पहले के आरोग्य मेले में 400-450 त्वचा रोगी इलाज के लिए पहुंचते थे। रविवार को 601 त्वचा रोगी पहुंचे। उन्हें दवाएं दी गईं। सीएमओ के मुताबिक बारिश में भीगने और ज्यादा देर तक गीले कपड़ों में रहने से बैक्टीरिया पनपते हैं। साथ ही, खानपान अव्यवस्थित होने से भी समस्या बढ़ जाती है।

मेले में बुखार के 215, आंख के 40, लिवर के 65, सांस के 221, डायबिटीज के 82, टीबी संदिग्ध सात, एनीमिया के 14, हाईपरटेंशन के 26, एएनसी के 372, कुपोषित आठ समेत अन्य बीमारियों के 755 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। सर्जरी के लिए 12 मरीज हायर सेंटर रेफर हुए।

खानपान में बरतें सावधानी, पीयें गुनगुना पानी

सीएमओ ने बताया कि मेले में पेट संबंधी 363 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। बारिश में पाचन क्रिया प्रभावित होती है। ऐसे में सामान्य दिनों से कम भोजन करना चाहिए। फल, ताजी सब्जी का सेवन अधिक करें। सुबह और शाम गुनगुना पानी पीने से पेट संबंधी कई बीमारियों से राहत रहती है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button