Bareilly News: अचानक रद्द कर दी कानपुर की जनरथ बस, भटकते रहे यात्री
बरेली। बरेली-कानपुर के बीच चलने वाली रोडवेज की जनरथ बस सेवा को रविवार को अचानक रद्द कर दिया गया। इससे यात्री परेशान हुए। पहले से ही ऑनलाइन टिकट बुक करा चुके यात्री अब रिफंड के लिए चक्कर लगा रहे हैं।
बरेली-कानपुर के बीच रोडवेज की जनरथ श्रेणी की एसी बस रोजाना चलती है। रविवार को बरेली से कानपुर की यात्रा के लिए इसमें 42 से ज्यादा यात्रियों ने पहले से ही ऑनलाइन टिकट बुक कराए थे। बरेली से कानपुर के बीच जनरथ बस में एक यात्री का किराया 613 रुपये है। यह बस रोजाना दोपहर 2:45 बजे सेटेलाइट बस स्टैंड से रवाना होकर रात 9:30 बजे कानपुर पहुंचती है।
रविवार को काफी यात्री बस स्टैंड पहुंचे, लेकिन 3:00 बजे तक बस नहीं आई। पूछताछ काउंटर पर भी सही जानकारी नहीं दी गई। शाम चार बजे यात्रियों को बताया गया कि बस रद्द कर दी गई है। ऐसे में कुछ यात्रियों ने रेलवे स्टेशन का रुख किया तो कुछ ने अन्य माध्यमों से यात्रा पूरी की। आरएम दीपक चौधरी का कहना है कि तकनीकी खराबी की वजह से बस को निरस्त किया गया है।
अब तक नहीं मिला रिफंड
जनरथ बस से बरेली से कानपुर की यात्रा के लिए ऑनलाइन टिकट 23 मई को बुक कराया था। यात्रा के दिन सेटेलाइट बस स्टैंड पहुंचा। दो घंटे बस का इंतजार किया। इसके बाद पता लगा कि बस निरस्त कर दी गई है। इससे काफी समस्या हुई। 613 रुपये का रिफंड अब तक नहीं मिला है। – राहुल मनचंदा
बस निरस्त, ट्रेन भी नहीं मिली28 मई को बरेली से कानपुर जाने के लिए जनरथ बस से ऑनलाइन टिकट बुक कराया था। काफी इंतजार के बाद पता लगा कि बस निरस्त कर दी गई है। स्टेशन पहुंचा तो ट्रेन भी नहीं मिली। रोडवेज की अव्यवस्था के कारण काफी समस्या का सामना करना पड़ा। – अतुल कुमार शुक्ला



