Bareilly News: मेडिकल कॉलेज के छात्र ने चालक को नौकरी के नाम पर ठगा
बरेली। निजी मेडिकल कॉलेज के छात्र ने साथियों के साथ मिलकर एंबुलेंस चालक की आयकर विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे 7.13 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
इज्जतनगर के भगवानपुर धीमरी निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वह रुहेलखंड चौकी क्षेत्र के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चलाता था। इस दौरान एमबीबीएस के छात्र शैलेंद्र पांडेय से पहचान हो गई। शैलेंद्र ने आयकर विभाग में जुगाड़ बताकर नौकरी लगवाने का झांसा दिया। गोरखपुर निवासी मार्कंडेय यादव, अजय और विक्रम को फर्जी कागज लेकर भेजा और दीपक से उनको एक लाख रुपये दिलवा दिए। शैलेंद्र ने कहा कि इंटरव्यू से पहले पांच लाख रुपये का इंतजाम कर लो। दीपक का इंटरव्यू अश्वनी अवस्थी नाम के युवक ने लिया।
इंटरव्यू के दौरान ही 50 हजार रुपये अश्वनी ने लिए और बाकी रुपये श्रीराम के खाते में डाले। यह लोग फर्जी नियुक्तिपत्र लेकर आए और 50 हजार रुपये और ले लिए। इस तरह दीपक से 7.13 लाख रुपये और ले लिए। दीपक जब नियुक्तपत्र लेकर आयकर विभाग के दफ्तर पहुंचा तो ठगी का पता चला। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। दीपक की शिकायत पर डॉक्टर शैलेंद्र और उसके साथियों के खिलाफ बारादरी थाने में मामला दर्ज किया गया है।



