Bareilly News: नौ से 15 तक मेरी माटी, मेरा देश कार्यक्रम होगा आयोजित
बरेली। आजादी का अमृत महोत्सव के समापन समारोह के उपलक्ष्य में नौ से 15 अगस्त तक ‘मेरी माटी, मेरा देश’ (मिट्टी को नमन, वीरों को वंदन) कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस संबंध में बुधवार को कलक्ट्रेट में डीएम शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
डीएम ने बताया कि आयोजन का उददेश्य वीर शहीदों को याद करना और आने वाली पीढ़ी को उनके बारे में बताना है। एसडीएम और ग्राम पंचायत स्तर पर जो बेहतर कार्य करेंगे सम्मानित होंगे। ‘हर घर तिरंगा’ की तर्ज पर कार्यक्रमों का आयोजन ग्राम, ब्लॉक, तहसील तीन चरण में होगा। श्रेष्ठ प्रतिभागी को समापन समारोह में प्रतिभाग का मौका मिलेगा। गांव के अमृत सरोवर/तालाब, अन्य स्थानों से मुट्ठीभर मिट्टी लाकर पंचायत परिसर में दो कलशों में संग्रहीत करेंगे। मिट्टी-कलश अमृत यात्रा ब्लाॅक पहुंचेगी। प्रत्येक ग्राम पंचाायत से एक-एक कलश को लखनऊ और नई दिल्ली में आयोजित राज्य स्तर/राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम तक चयनित प्रतिभागी पहुंचाएंगे। सीडीओ जग प्रवेश ने बताया कि 15 अगस्त तक होने वाले कार्यक्रम में स्मारक, शिलाफलकम बनेगी।
जो अमृत सरोवर, जलाशय, अन्य जल स्रोतों के पास लगेगी। शिलाफलकम निर्माण मनरेगा योजना के तहत होगा। इसमें आजादी के अमृत महोत्सव का लोगो, पंचायत का नाम, ग्राम पंचायत के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/पुलिस/आर्मी आदि में शहीद, शहीदों के नाम, श्रद्धांजलि संदेश, प्रधानमंत्री का संदेश अंकित होगा। सामूहिक सेल्फी वेबसाइट पर अपलोड होगी। इसका डिजिटल प्रमाण पत्र भी मिलेगा।
75 पौधे रोपकर बनाएंगे अमृत वाटिका
वसुधा-वन्दन के तहत ग्राम पंचायतों के एक स्थान पर 75 पौधे रोपकर अमृत वाटिका बनेगी। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद शहीदों के परिजन सम्मानित होंगे। 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम होगा। बैठक में विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. एमपी आर्या ने भी सुझाव दिए। यहां एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट रेनू सिंह, एडीएम प्रशासन दिनेश, सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह अन्य मौजूद रहे।



