Bareilly News: ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर मां-बेटी की मौत
बहेड़ी। नैनीताल हाईवे पर शेरगढ़ चौराहे के पास ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर बाइक सवार मां-बेटी की मौत हो गई। बाइक चला रहा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया।
शाहजहांपुर जिले के थाना खुदागंज के गांव अकबरिया निवासी हरिशंकर उत्तराखंड के रुद्रपुर में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। सोमवार को वह बीमार मां को देखने के लिए पत्नी चमेली देवी (24) और 19 माह की बेटी सौम्या के साथ बाइक से गांव जा रहे थे। शेरगढ़ चौराहे के पीछे से आ रही रेत भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर गए।
ट्रैक्टर-ट्रॉली चमेली देवी और मासूम सौम्या को कुचलते हुए गुजर गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हरिशंकर को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर बहेड़ी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरलोड थी। चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
आंखों के सामने चली गई पत्नी और बेटी की जान
सड़क हादसे में पत्नी और बेटी को खोने के बाद हरिशंकर बदहवास हो गया। कभी वह बेटी के शव की ओर जाता तो कभी पत्नी को उठाने की कोशिश करता। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने उसे एक ओर बैठाया तो वह बिलख-बिलख कर रोने लगा। जिसने भी यह मंजर देखा उसकी आंखें भर आईं।
घटनास्थल से तीन किलोमीटर पहले चाय की दुकान पर रुके थे
हरिशंकर ने बताया कि रुद्रपुर से चलने के बाद सुबह 8 बजे बारिश शुरू हो गई। दुर्घटनास्थल से तीन किलोमीटर पहले मंडनपुर गांव में चाय की दुकान पर रुककर उन्होंने चाय पी थी। यहां पत्नी ने बच्ची को दूध भी पिलाया था। वहां बैठकर वह जल्द ही रुद्रपुर में घर खरीदने की बात कर रहा था। कुछ समय बाद हुए हादसे में पत्नी और बच्ची की जान चली गई।



